सिपाही भर्ती परीक्षा के प्रश्न में साइंस में 3 विकल्प समान
जिले में 23 केंद्रों पर रविवार को सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा का आयोजन हुआ। यूं तो परीक्षा में सामान्य प्रश्न पछे गए लेकिन दूसरी पाली में साइंस में एक ही प्रश्न के दिए गए तीन विकल्प समान थे। परीक्षा देकर बाहर निकले छात्र मोहित कुमार ने बताया कि साइंस के इस सवाल में थोड़ी देर के लिए सोचने पर विवश हुए। बाकी कोई भी परेशानी नहीं हुई। कहा कि परीक्षा में कुल 100 ऑब्जेक्टिव प्रश्न पूछे गए थे। इसके लिए दो घंटे का वक्त दिया गया था। निगेटिव मार्किंग नहीं होने से सभी सवालों का जवाब दिया। राजनीति, इतिहास, भूगोल, मैथ, अंग्रेजी व हिंदी से सवाल पूछे गए थे। केवल चप्पल पहनकर ही केंद्र के भीतर एंट्री दी गई। एंट्री से पहले जूता को उतरवा दिया गया। पहली पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक व दूसरी पाली दोपहर 2-4 बजे तक हुई। स्वच्छ एवं कदाचारमुक्त परीक्षा के संचालन के लिए 35 स्टैटिक दंडाधिकारी 06 जोनल दंडाधिकारी व 06 उड़नदस्ता दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त किए गए थे। साथ ही पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारियों व बलों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। डीएम चंद्रशेखर सिंह ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। प्रथम पाली में कुल 14448 परीक्षार्थियों में से 9880 उपस्थित पाए गए। वहीं 4568 अनुपस्थित थे। वहीं दूसरी पाली में 14448 परीक्षार्थियों में से 9959 उपस्थित पाए गए व 4489 परीक्षार्थी अनुपस्थित थे। नकल के आरोप में किसी भी केंद्र से परीक्षार्थी का निष्कासन नहीं किया गया।
परीक्षा में शामिल के बाद स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ने के लिए मारामारी करते परीक्षार्थी।