सेना के कई अधिकारी और जवान जांच की जद में आए
सुनील के मोबाइल काॅल की सेना इंटेलीजेंस अफसर भी गहनता से कर रहे हैं जांच
अार्मी भर्ती के नाम पर बड़े पैमाने पर बेरोजगार युवकों से ठगी का रैकेट संचालित करने के मास्टरमाइंड सेना जवान चक्कर राेड निवासी सुनील कुमार का दानापुर आर्मी हेडक्वार्टर के कई सैन्य कर्मियों से लगातार संपर्क में था। हालांकि सुनील काे दानापुर आर्मी हेडक्वार्टर का भगाेड़ा बताया जा रहा है। भगाेड़े सैनिक से लगातार मोबाइल काॅल के जरिए संपर्क बनाए रखने वाले दानापुर सैन्य कर्मियों से भी पुलिस अधिकारी आर्मी भर्ती के नाम ठगी मामले में पूछताछ करेगी। इसका निर्देश नगर डीएसपी राम नरेश पासवान ने बेला इंडस्ट्रियल एरिया के थानेदार रमेश मिश्रा काे दिया है। गिरफ्तारी के बाद बेला थाने की पुलिस ने आर्मी जवान सुनील कुमार का मोबाइल जब्त किया था। उसके मोबाइल काॅल लाॅग में कई सैन्य अधिकारियों का नंबर सेव है। जिससे वह लगातार काॅल कर बातचीत करता रहा है। उसके मोबाइल नंबर का सीडीआर बेला पुलिस ली है। उससे लगातार काॅल पर संपर्क में रहने वाले मोबाइल नंबर के धारकाें का नाम पता निकाला जा रहा है। ताकि उन्हें नोटिस भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया जा सके। इस तरह सुनील से संपर्क में रहने वाले दानापुर के सैन्य जवान अथवा अधिकारी पुलिस जांच के राडार पर अा गए हैं। सुनील के मोबाइल काॅल की जांच सेना इंटेलीजेंस अफसर भी कर रहे हैं। इस तरह आर्मी भर्ती के नाम पर ठगी काे लेकर बड़ी कार्रवाई की अाेर पुलिस कार्रवाई अागे बढ़ रही है। बता दें कि सुनील का आर्मी कार्ड भी पुलिस ने जब्त किया है। वह दानापुर आर्मी कैंटीन में प्रतिनियुक्त था। हालांकि आर्मी कैंटीन में गड़बड़ी करने के मामले में इसकी संलिप्तता सामने अाने के बाद से वह बीते डेढ़ साल से ड्यूटी पर नहीं जा रहा था।