प्रदर्शन कर रहे लोगों को खदेड़ने के दौरान पुलिस के जवानों ने चटकाई लाठी
मुजफ्फरपुर | पक्की सराय चौराहे पर अवैध ढंग से ऑटो स्टैंड बनाने से हमेशा ट्रैफिक जाम रहने की समस्या से निजात के लिए गुरुवार को क्यूआरटी ने अभियान चलाया। टीम में शामिल जवानों ने अवैध ढंग से सड़क पर ऑटो पार्किंग करने वालों को खदेड़कर भगाया। साथ ही दुकान का सामान सड़क पर रखने वाले दुकानदारों को भी हड़काया। इस दौरान जवानों ने विरोध करने वालों पर सख्ती बरती। जब पुलिस मौके से हट गई तो पुलिस पर लाठी चार्ज करने का आरोप लगाते हुए कुछ दुकानदार व स्थानीय युवकों ने सड़क पर टायर जलाकर जाम लगा दिया। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी व प्रदर्शन करने लगे। इस आंदोलन को पर्दे के पीछे से अवैध स्टैंड संचालन से जुड़े लोगों ने खूब हवा दी। तब मामला वरीय अधिकारियों के संज्ञान में आया। सड़क जाम की सूचना पर मौके पर नगर, मिठनपुरा थाने की पुलिस के साथ क्यूआरटी के जवान भी पहुंचे। जाम लगाए लोगों को खदेड़कर मौके से भगाया गया। पुलिस ने इसके लिए हल्के बल का प्रयाेग किया। इस क्रम में एक इलेक्ट्रॉनिक दुकानदार पुलिस से उलझ गया। धक्का मुक्की के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेने की कोशिश की। वह पुलिस गाड़ी में बैठने का विरोध किया तो चार जवान उसके हाथ-पांव पकड़ कर उठा ले जाने लगे। हालांकि कुछ स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं की पहल पर उसे पुन: छोड़ दिया गया।
सड़क पर ऑटो पार्किंग करने वालों के खिलाफ पक्कीसराय में क्यूआरटी ने चलाया अभियान, विरोध में बवाल व प्रदर्शन