ग्रामीण कार्य विभाग में मुजफ्फरपुर समेत 7 जिलाें में अधीक्षण अभियंता का पद खाली
विधायक नंद कुमार राय के सवाल के जवाब में मंत्री ने दिया जवाब
ग्रामीण कार्य विभाग मुजफ्फरपुर में अधीक्षण अभियंता का पद एक साल से रिक्त रहने का मामला विधानसभा में उठा है। सीतामढ़ी के अधीक्षण अभियंता काे मुजफ्फरपुर का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इस बावत विधायक नंद कुमार राय ने जब विधानसभा में सवाल उठाया ताे विभागीय मंत्री ने मुजफ्फरपुर समेत 7 अधीक्षण अभियंता का पद रिक्त रहने की जानकारी दी है। मंत्री का कहना है कि पदोन्नति से यह पद भरा जाना है।
विधायक नंद कुमार राय का कहना है कि मुजफ्फरपुर में अधीक्षण अभियंता के नहीं रहने की वजह से ग्रामीण इलाके में सड़क बनाने का काम प्रभावित हाे रहा है। दाे जगह एक ही अधीक्षण अभियंता के रहने से काम पर असर पड़ रहा है। बरूराज विधायक के सवाल के जवाब में ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री शैलेश कुमार ने कहा कि अधीक्षण अभियंता का कुल 30 पद स्वीकृत है। इसमें 23 पद पर अधीक्षण अभियंता का पदस्थापना किया गया है। सात पद रिक्त है। रिक्त पदाें पर अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। विधायक के सवाल पर पूछे जाने पर मंत्री ने कहा कि सामान्य प्रशासन विभाग बिहार पटना के द्वारा प्रोन्नति पर 11 अप्रैल 2019 से राेक है। प्रोन्नति पर राेक हटने के पश्चात रिक्त पदाें काे प्रोन्नति द्वारा भरा जायेगा।