- Hindi News
- Local
- Bihar
- Muzaffarpur
- Muzaffarpur News Swadhar Griha Police Collecting Details Of Property Of Many Including Brijesh Convicted For Girl Child Murder Case
स्वाधार गृह : बालिकागृह कांड के सजायाफ्ता ब्रजेश समेत कई की संपत्ति का ब्योरा जुटा रही पुलिस
स्वाधार कांड में वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए पेशी की कवायद में जुटी पुलिस
स्वधार गृह मामले में भी ब्रजेश ठाकुर, उसकी राजदार शाइस्ता परवीन उर्फ मधु, अफसाना खातून, रामानुज ठाकुर व कृष्णा राम की संपत्ति जब्त की जा सकती है। आरोपितों पर प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्डरिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए महिला थानेदार काे आरोपियों की संपत्ति का ब्योरा जुटाने का निर्देश नगर डीएसपी राम नरेश पासवान ने दिया है। उन्होंने इस कांड में ब्रजेश ठाकुर की वीडियो कान्फ्रेंसिंग से पेशी कराने के लिए जरूरी कार्रवाई करने के लिए भी महिला थानेदार काे कहा है। बताया कि आरोपियों की संपत्ति का ब्योरा जुटाकर पीएमएलए के तहत आरोपितों पर कार्रवाई के लिए आर्थिक अपराध इकाई काे प्रस्ताव भेजा जाएगा।
बालिकागृह कांड में भी ब्रजेश व करीबियों की संपत्ति जब्त करने की चल रही प्रक्रिया
बालिकागृह कांड में भी ब्रजेश ठाकुर व उसके करीबियों की संपत्ति जब्ती की कार्रवाई प्रवर्तन निदेशालय की अाेर से चल रही है। उसकी संपत्ति अटैच किए जाने की नोटिस मकान व जमीन पर लगा दी गई है। यह फिलहाल मामला एससी/ एसटी विशेष कोर्ट में चल रहा है। आरोपी अफसाना खातून की कुर्की के लिए मामला लंबित है। मामले में बालिका गृह कांड के मुख्य आरोपित दोषी ब्रजेश ठाकुर के राजदार शाइस्ता परवीन उर्फ मधु, ब्रजेश के रिश्तेदार रामानुज ठाकुर व चकबासू निवासी कृष्णा राम आदि की संलिप्तता सामने आ चुकी है। जिला बाल संरक्षण ईकाई तत्कालीन सहायक निदेशक दिवेश कुमार शर्मा भी जांच के दायरे में हैं। हालांकि, दिवेश शर्मा ने ही बालिकागृह कांड के खुलासे के बाद स्वाधार गृह के अचानक बंद हाे जाने पर महिला थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस सरकारी राशि गबन व 11 महिलाओं काे गायब कर दिए जाने के बिंदू पर छानबीन कर रही है।