टाउन डीएसपी के बाॅडीगार्ड पर हमले का अाराेपी गिरफ्तार
बंदी के दाैरान खबड़ा में नगर डीएसपी रामनरेश पासवान के बॉडीगार्ड पुलिन सिंह पर हमले के आरोपी गोपाल झा पुलिस के हत्थे चढ़ गया। वह पीजी थ्री हॉस्टल का छात्र है। गुप्त सूचना पर एलएस कॉलेज परिसर से काजीमोहम्मदपुर व विवि थाने की पुलिस ने उसे संयुक्त रूप से छापेमारी कर पकड़ा। वैशाली के तिसिऔता थाने के दनौच गांव निवासी गोपाल को काजीमोहम्मदपुर थाने की पुलिस ने होमलेस चौक पर चिकन कारोबारी अमोद कुमार पर हुए जानलेवा हमले में तलाश कर रही थी। 17 दिसंबर 2019 को बंद के दौरान खबड़ा शिव मंदिर के समीप प्रदर्शनकारियों ने डीएसपी के बॉडीगार्ड पर जानलेवा हमला किया था। जिसमें बाॅडीगार्ड का सिर फट गया था। इस घटना में पुलिस ने गोपाल समेत 12 काे नामजद व 40 अज्ञात को आरोपित किया था। गोपाल सरस्वती पूजा के मूर्ति विसर्जन के दौरान हुई मारपीट में भी फरार था। 2014 के मारपीट के दो मामले में भी चार्जशीटेड है।
जमीन विवाद में मारपीट, किशोरी से छेड़खानी : अहियापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में जमीन विवाद में किशोरी, उसकी मां व दादी से मारपीट की गई। आसपास के लोगों के जुटने के बाद मामला शांत हुआ। सभी को एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां रविवार को किशोरी की मां ने गांव के चार लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उसने मारपीट के दौरान पुत्री से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। घटना शनिवार की सुबह दस बजे के करीब की है।