34 एमएम बारिश से 20 घंटे का ब्लैक आउट, तालाब बनी सड़कें
लगातार बारिश से पुरानी जेल स्थित ट्रांसफार्मर पर पीपल का पेड़ गिरने बिजली बाधित हो गई।जिससे मुहल्ले के लोगों के सामने पानी की समस्या उत्पन्न हो गई। बताया जाता है कि इस ट्रांसफार्मर से पुरानी जेल में बने पानी टंकी एवं जेल रोड में बिजली सप्लाई दी जाती है। लेकिन लगातार बारिश से काफी पुराने पीपल का पेड़ गिर गया ।जिससें पानी टंकी की बिजली बाधित हो गई। मुहल्ले के लोगों ने बताया कि पेड़ गिरना बिजली विभाग के लिए बहाना हो गया। देर रात बारिश शुरू होते हीं बिजली विभाग द्वारा पावर कट कर दिया गया। जिसके कारण लोगों के घरों में पानी की समस्या उत्पन्न हो गई। करीब 16 घंटे के बाद बिजली दी गई। लेकिन इसी दौरान एक बहुत हीं पुराने पीपल का पेड़ ट्रांसफार्मर पर गिर पड़ा। सबसे ज्यादा लोगों को पानी की समस्या हो रही है।
पोल और तार पर पेड़ गिरने से बाधित हुई शहर की बिजली
बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता रवि आर्यन ने बताया कि बारिश के साथ ही तेज हवा चल रही थी। हवा-आंधी पर किसी का बस नहीं है। इसके चलते पुराना पुल के पास पोल गिर गया। गोला रोड में तार पर पेड़ की डाली गिर गई। सदभाव चैक के पास भी तार पर पेड़ की डाली गिरी थह। कई जगह इंसुलेटर पंक्चर हो गए थे। इससे शहर की बिजली बाधित हो गई। हमलोगों ने बारिश के बाद आई परेशानी को दूर करने के लिए तुरंत पेट्रोलिंग शुरू की। बाधा दूर होने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। कई जगहों पर फॉल्ट रहने के कारण ज्यादा देर हुई। रवि आर्यन, ईई, बिजली विभाग नवादा
दोपहर दो बजे के बाद सुधरे हालात
लोगों का कहना है कि बारिश के बाद बिजली गुल हो जाना आम बात हो गई है । 5 मिनट की बारिश के बाद भी बिजली घंटों के लिए गुल हो जाती है । नवादा शहर शहर जिले भर में शुक्रवार की शाम से बिजली चली गई और शनिवार की दोपहर तक नहीं आईं। शहर में अंधेरा ही अंधेरा छा गया । लोगों के घरों में पानी खत्म हो गया तो कई दफ्तरों में काम बंद हो गया । राहत की बात यह रही कि सरकारी आदेश के बाद स्कूल बंद थे नहीं तो बच्चों को स्कूल के लिए तैयार होने में परेशानी होती। शनिवार की दोपहर 2 बजकर 7 मिनट में बिजली आई तो लोगों को राहत मिली।
क्यों हो रही परेशानी
लोग बताते हैं कि बिजली के तार कई जगहों पर पेड़ों में सटे हैं। कई जगहों पर बिजली तारों में लताएं लिपटी है। पोलों पर लगे इंसुलेटर भी जर्जर है। यही कारण है कि जब बारिश होती है तो कई जगहों पर फाल्ट लग जाता है , इंसुलेटर उड़ जाते हैं ै। बिजली विभाग के द्वारा बिजली तार, पोल और ट्रांसफार्मर का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा तारों से सटे पेड़ो, टहनियों को हटाया जाए ताकि बार-बार फाल्ट नहीं लग सके।
ट्रांसफाॅर्मर पर गिरा पेड़, बिजली बाधित
नवादा शहर दिन मे छाया अंधेरा।
सिटी रिपोर्टर| नवादा
शुक्रवार से शनिवार तक लगातार हुई बारिश से जिले में आपातकाल जैसी स्थिति लगी। बेमौसम बारिश के कारण सड़कों पर पानी जम गया और शनिवार की दोपहर के बाद भी लोग निकल नहीं पाए। करीब 20 घंटे तक लगातार बिजली कटे रही। लगातार बारिश और बिजली नहीं रहने के कारण लोगों को पानी, दूध और चाय जैसे जरूरी चीजों के लिए तरसना पड़ा। शुक्रवार की शाम के बाद बारिश शुरू हुई और रात भर बारिश होते रही। शनिवार को भी बारिश की बौछारें जारी रही और करीब दो बजे के बाद बारिश की बूंदें रूकी। इसके चलते शुक्रवार की शाम से ही जिले भर में बिजली गायब हुई और शनिवार की दोपहर दो बजे के बाद आई। इस दौरान लोगों की दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हुई। घरों के टंकी में पानी खत्म हो गया। पीने तक का पानी नहीं बचा। सुधा के काउंटरों पर दूध नहीं आया। दूधवाले , अखबार वाले और सब्जी वाले भी मुहल्ले में नहीं पहुंचे। बाजार में भी दुकानें नहीं खुली। सब्जी बजार में भी कम दुकानें लगी। इन सब कारणों से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। राजेन्द्र नगर निवासी सुबोध कुमार ने बताया कि 20 घंटे से बिजली नहीं आई। घर में पानी नहीं है। बाहर दुकान में भी पानी नहीं है। दुध, अखबार , सब्जी कुछ नहीं मिला। यह मौसम का आपातकाल जैसा महसूस हो रहा है।