डीएम के निरीक्षण में फरार मिले कई कर्मी व अधिकारी
शनिवार को डीएम यशपाल मीना ने सिरदला प्रखंड मुख्यालय व पंचायत के विभिन्न योजनाओं का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने मुख्यालय में पदस्थापित अधिकारियों व कर्मियों की उपस्थिति, कार्यशैली सहित अन्य कई बिंदुओं की बारीकी से जांच पड़ताल की। डीएम प्रखंड के पंचायत में चल रही सात निश्चय योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, प्रधान मंत्री आवास योजना, सहित अन्य विकास योजनाओं की अद्यतन जानकारी पंचायतों में जांच के लिए जिला से गठित जांच टीम से ली। डीएम ने कर्मियों को अपनी कार्यशैली में सुधार व बदलाव करने का दिशा निर्देश दिया। मुख्यालय निरीक्षण के पश्चात उन्होंने आरटीपीएस, कुशल युवा केन्द्र, मनरेगा कार्यालय, सीडीपीओ कार्यालय का जांच किया। उन्होंने मनरेगा कार्यालय में मनरेगा योजनाओं से जुड़े तथ्यों के बारे में जानकारी लेते हुए मौके पर मौजूद पीओ,जेई, पंचायत रोजगार सेवक को निष्पक्ष व पारदर्शिता पूर्ण कार्य प्रणाली विकसित करने का दिशा निर्देश दिया। आवास पर्यवेक्षक एवं प्रखंड समन्वयक को आवास एवं शौचालय के कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही आवास निर्माण की गुणवत्ता एवं अधूरे आवास को जल्द पूरा कराने के साथ-साथ योग्य लाभुकों को ही इसका लाभ देने को कहा।
शनिवार को सिरदला प्रखंड कार्यालय पहुंचे नवादा डीएम ने प्रखंड कार्यालय का मुआयना किया। इस दौरान सरकारी आवासों का जायजा लिया। कार्यालय परिसर में जल संरक्षण को लेकर कोई कार्य नहीं हुआ देख मनरेगा पीओ बीरेंद्र कुमार को कड़ी फटकार लगाई। वाटर हार्वेस्टिंग के तहत होने वाले कार्यों में से सिरदला प्रखंड कार्यालय में अभी तक योजना शुरुआत भी नहीं हो सकी है। प्रखंड में दर्जनों आवासीय भवन देख रेख की अभाव में जीर्ण शीर्ण अवस्था मे हो गया है। इसके कारण सिरदला प्रखंड और अंचल में कार्यरत अधिकारी और कर्मी मुख्यालय को छोड़ दूसरे जगहों पर किराए के घर में रह रहे है।
बीएओ के अक्सर अनुपस्थित रहने की मिली शिकायत
निरीक्षण के दौरान प्रखंड कृषि पदाधिकारी संजय कुमार चौधरी फरार मिलें। ग्रामीणों ने डीएम को बताया कि कृषि पदाधिकारी अपने कार्यालय से लगातार अनुपस्थित रहते हैं। इसके कारण किसानों को मिलने वाली सुविधा तथा शिकायत को लेकर काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बीएओ के रवैये को लेकर तथा किसानों की शिकायत पर स्थानीय बीडीओ ने अनेको बार उच्च अधिकारियों से पत्राचार कर चुके हैं। निरीक्षण के दौरान विभिन्न कार्यालयों में ताला लटका देख डीएम ने एडीएम को जांच कर फरार कर्मियों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
सिरदला प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण करते डीएम