- Hindi News
- National
- Pkaribrawan News Money Holi With Enthusiasm And Enthusiasm In Pakribarawan
पकरीबरावां में उत्साह व उमंग के साथ मनी होली
होली का त्योहार पकरीबरावां प्रखंड मुख्यालय, धमौल बाजार समेत पूरे इलाके में बड़े ही उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। तीन दिवसीय इस पर्व की शुरुआत होलिका दहन के साथ हुई। पकरीबरावां बस स्टैंड, धमौल के दुर्गा मंदिर परिसर सहित गांवों में चयनित स्थल पर होलिका दहन किया गया। धमौल बाजार में गायत्री परिवार से जुड़ी महिलाओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गोइठा, घी मिश्रित देवदार के लकड़ी आदि से होलिका दहन की। शाम में सभी लोग गेंहूं व चने की बाल लेकर होलिका दहन स्थल पर पहुंचे। शुभ मुहूर्त में होलिका दहन किया गया। इसके अतिरिक्त प्रखंड के विभिन्न गांवों में चौक-चौराहों पर होलिका दहन किया गया। जैसे ही होलिका दहन हुआ सभी ने एक दूसरे को होली की शुभकामनाएं दी गई। होलिका दहन के अवसर पर विवादित स्थलों पर सुरक्षा के पूरे बंदोबस्त किए गए थे।
होलिका दहन के अगले दिन लोगों ने मिट्टी से होली की शुरुआत की। उत्साही युवक गली-मोहल्लों के सड़कों पर उतर आए। इस बीच सुबह से मिट्टी लगाने का सिलसिला दोपहर के आसपास चला। उसके बाद लोगों ने रंग बिरंगे रंग व गुलाल के साथ जमकर होली खेली। इस दौरान कई जगहों पर सांप्रदायिक एकता व सौहार्द देखने को मिला। हर आदमी रंग बिरंगे रंगों से सराबोर दिखाई दिया। बच्चों के लिए टैंक वाली पिचकारी, रिवॉल्वर वाली पिचकारी सहित अनेक प्रकार की टॉयज वाली पिचकारियों आदि से खूब होली खेली। युवाओं और बच्चों में होली खेलने का उत्साह ज्यादा दिखाई दिया।
मटका फोड़ होली के साथ त्योहार सम्पन्न
पकरीबरावां प्रखंड मुख्यालय, धमौल बाजार सहित कई जगहों पर मटका फोड़ होली के साथ ही रंगों का त्योहार शांतिपूर्ण सम्पन्न हुआ। धमौल बाजार में मटका फोड़ होली का उत्साह देखते बन रहा था। एक दर्जन से अधिक स्थानों पर रंग-बिरंगा मटका टांगा गया, जिसे उत्साही नवयुवकों की टोली ने एक-दूसरे के कंधों पर चढ़ पिरामिड बनाकर मटका फोड़ा। मटका फोड़ने से रोकने के लिए लोगों द्वारा रंगों की बरसात की गई। अंततः, नवयुवकों की टोली में से एक ने गोविंदा बनकर मटका को सिर से चकनाचूर कर दिया। इसी तरह नवयुवकों की टोली आगे बढ़ते हुए मटका फोड़ते गई। इस दौरान लोगों का उत्साह चरम पर था। लोगों को रंग-अबीर से सरोबार करते हुए नजारा काफी रोमांचित कर रहा था।
पकरीबरावां में हाेली गाते लाेग।