- Hindi News
- National
- Nawada News Patient Increased One And A Half Times In Government Investigation House
सरकारी जांच घर में डेढ़ गुना बढ़े मरीज
देश और दुनिया में कहर ढाने वाले कोरोना का दहशत नवादा के लोगों में भी दिख रहा है। लोग बुखार और सर्दी-खांसी को भी सीरियस ले रहें हैं और सीधे अस्पताल पहुंच रहें हैं। हालत यह है कि नवादा सदर अस्पताल के जांच घर में मरीजों की संख्या में एकाएक डेढ़ गुना हो गई। गुरूवार को जहां 80 मरीजों का ब्लड सैंपल लिया गया था वहीं शनिवार को 120 मरीज जांच कराने लैब पहुंचे। हालांकि लोगों के मन से करोना का दहशत भगाने के लिए चिकित्सक और जिला स्वास्थ विभाग भरसक प्रयास कर रहा है। शनिवार को जिलाधिकारी यशपाल मीणा ने सदर अस्पताल पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और डॉक्टरों को कोरोना को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान कोरोना के लिए बने आइसोलेशन वार्ड में बेडों के बीच की दूरी को मेंटेन रखने के लिए 6 बेडों को हटा दिया गया। अब कोरोना के लिए सदर अस्पताल में 7 बेडेड आइसोलेशन वार्ड सुरक्षित कर लिया गया है। सिविल सर्जन डाॅ विमल प्रसाद ने बताया कि मरीज को ले जाने वाले स्वास्थ्यकर्मी और एंबुलेंसकर्मी के लिए 505 पीपीई किट सदर अस्पताल को मिल चुका है। इसके अलावा 100 एन95 मास्क भी उपलब्ध हो गए हैं। जरूरी दवा का किट भी तैयार है। इतने संसाधनों के माध्यम से संदिग्ध को मेडिकल काॅलेज पहुंचाने की व्यवस्था है। सदर अस्पताल के चिकित्सक डाॅ अशोक कुमार ने बताया कि विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ केन्द्र, उप स्वास्थ केन्द्र तथा एपीएचसी को अभियान चलाकर डेली रिपोर्ट करने को कहा गया है। अस्पताल आने वाले मरीजों के लक्षणों का गहन अध्ययन करने के निर्देश दिए गए हैं। अब तक नवादा में कोरोना का किसी तरह केस नहीं आया है।
चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को भी मिली ट्रेनिंग
डाॅ तहमीम जहां ने बताया कि 546 चिकित्सक, एएनएम के अलावा मुखिया समेत 56 जनप्रतिनिधियों को भी कोरोना के बारे में ट्रेनिंग दी जा चुकी है। 17 स्थानों पर कोरोना संबंधी पोस्टर लगाए गए हैं तथा 9 स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को कोरोना के प्रति जागरूकता फैलाने तथा संदिग्धों को सदर अस्पताल लाने की जानकारी दी गई है।