मध्य विद्यालय हेमजाभारत में शुरू हुआ सखी कक्ष
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सिरदला प्रखण्ड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय हेमजाभारत में अनूठी पहल की शुरूआत की गई। शिक्षक राजेश कुमार भारती के नेतृत्व में शुरू किए गए इस कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय के सभी रसोइएं को साड़ी तथा विद्यालय के बीस छात्राओं को स्कूल बैग दिया गया। सखी कक्ष के कंसेप्ट के तहत पहले दिन 100 छात्राओं के बीच सेनेटरी पैड बांटे गए। कार्यक्रम की शुरुआत में बच्चों को आधी आबादी के सामाजिक, आर्थिक योगदान व देश सेवा तथा अन्य सेवाओ में उत्कृष्ठ कार्य कर रहें महिलाओ के बारे में बताया गया। राजेश भारती ने बताया कि बिहार राज्य का यह प्रथम विद्यालय है जहाँ सहेली कक्ष का कॉन्सेप्ट लाया गया है । सुदूर गांव के विद्यालयों में माहवारी के समय किशोरी शिक्षार्थियों को काफी मुश्किल का सामना करना पड़ता है । किसी को भी अचानक यह समस्या अशांत कर देता है, हीन भावनाए जकड़ लेतीं है । ऐसे में कई बार विद्यालय भी आना छोड़ देती है । छठी वर्ग से ऊपर की बालिकाओं को यह समस्याएं विद्यालय छोड़ने तक मजबूर कर देती है । इसे देखते हुए सहेली कक्ष की शुरूआत की गई है। बेटी बचाओ तथा बेटी पढ़ाओ की दिशा में एक सार्थक शुरुआत हैं । मौके पर शिक्षक विजय प्रसाद, संकुल संचालक रामलगन सिंह , राजेश रंजन, अरुण राजवंशी आदि मौजूद थे।
टोला सेवक और छात्रा ने ली संचालन की जिम्मेदारी
टोला सेवक रेणु कुमारी इसका देख रेख करेंगी तथा वितरण एवं स्टॉक की जिम्मेवारी छात्रा गौरी कुमारी ने खुद ली है । हॉस्पिटल की तरह इस कक्ष में दो जो़डी कपडे़ भी रखी जाने की योजना है । इस विशेष पहल में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशनल प्लानिंग एन्ड आड्मिनिस्ट्रेशन (निपा) के नेतृत्व, पिंक बूथ एवं महाराष्ट्र में पिंक रूम जैसे शुरुआत की उपज है ।
कक्ष में क्या-क्या सुविधाएं होगी
सहेली कक्ष में बच्चियों के लिए सारी जरूरी चीजें रखी मिलेगी। डेटॉल, सीनेटरी पैड, कॉटन, आराम के लिये व्यवस्था तथा दर्द की दवाइयाँ भी उपलब्ध करा दी गयी है। फिलहाल राजेश कुमार भारती अपने खर्चे से इसकी शुरुआत की है परंतु कार्यक्रम के दौरान उत्क्रमित मध्य विद्यालय खरौन्ध के प्रधानाध्यापक रामलगन सिंह तथा गाँधी इंटर विद्यालय नवादा के शिक्षक सुबोध कुमार के द्वारा भी हर माह जरूरी सामग्री उपलब्ध कराने की घोषणा किया गया है।
कार्यक्रम काे संबाेधित करते राजेश भारती