पीयू में नए सत्र में नामांकन के लिए 3 से भराएगा फॉर्म
पटना विश्वविद्यालय में नए सत्र के लिए एकेडमिक कैलेंडर तैयार हो चुका है। इसके मुताबिक नए सत्र में नामांकन के लिए तीन अप्रैल से आवेदन की प्रक्रिया शुरू होगी। एमए, एमएससी और एमकॉम के अलावा अन्य सभी पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए 23 मई तक आवेदन होंगे जबकि एमए, एमएससी और एमकॉम में 15 जून तक आवेदन कर सकेंगे। पटना विवि प्रशासन ने सभी प्रकार के नामांकन को नौ जुलाई तक समाप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। पटना विवि प्रशासन ने 16 जुलाई से नए सत्र की शुरुआत की तिथि तय की है। जबकि 10 से 15 जुलाई तक सभी कॉलेजों में इंडक्शन मीट आयोजित की जाएगी। स्नातक स्तर पर नामांकन प्रवेश परीक्षा के जरिए होगा। इसमें बीकॉम व बीएफए के लिए 28 मई, बीए के लिए 29 मई, बीएससी के लिए दो जून को प्रवेश परीक्षा की तिथि तय की गई है।