लोजपा नेता के खाते से 40 हजार की अवैध निकासी
साइबर अपराधियाें ने लोजपा के अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के पटना महानगर जिलाध्यक्ष नवीन गुप्ता के खाते से 40,135 रुपए की निकासी कर ली। नवीन के लिखित बयान पर कदमकुआं थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। नवीन का बैंक अकाउंट नाला रोड के शशि पैलेस स्थित एसबीआई की ब्रांच में है। उन्होंने कहा कि मैंने जब मोबाइल में मैसेज देखा तब पता चला कि खाते से निकासी हो गई। थानेदार निशिकांत निशि ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस छानबीन कर रही है। नवीन ने कहा कि 5 मार्च को मेरे खाते से 20 हजार की निकासी हुई। वहीं 6 मार्च को 20,135 रुपए निकाल लिए गए। जब मैसेज देखा तब भाग कर बैंक गया। वहां बताया कि पैसे गुलजारबाग के मीना बाजार स्थित एसबीआई की एटीएम से निकाले गए हैं। उन्होंने बताया कि 20 फरवरी को मैंने अशोक राजपथ स्थित एक एटीएम से पैसे निकाला था। इसके बाद एटीएम कार्ड किसी को नहीं दिया और न ही किसी से पासवर्ड शेयर किया।