एसकेपुरी थाने से एक किमी दूर बिल्डर के घर से 6 लाख की चोरी
एसकेपुरी थाना से एक किलोमीटर दूर कृष्णा अपार्टमेंट के पीछे रामकृष्णा पथ में किराए के मकान में रहने वाले बिल्डर पवन सिंह के घर को चोरों ने खंगाल डाला है। चोरों ने यह हालत कर दी कि पवन सिंह के पास पहनने का दूसरे सेट तक नहीं है। शातिरों ने मंगलवार की रात उनके घर से 76 हजार नकद, 1.75 लाख के गहने, 1.50 लाख के उनके व उनकी प|ी व बच्चों को कीमती कपड़े ले गए। यही नहीं घर में रखा टीवी, लैपटॉप, मोबाइल, वाशिंग मशीन, फ्रिज व ओवेन मशीन को ले गए। पवन के अनुसार नकद, गहना समेत 6 लाख की चोरी हुई है। दरअसल पवन मधुबनी के खजौली थाना के कन्हौली गांव गए थे। उनका घर बंद था। वे मथुरा प्रसाद के ग्राउंड फ्लोर में रहते हैं। इसी मकान के ऊपर एमआर भी रहते हैं। उनके यहां भी चोरी हुई। उनके यहां से कोई कीमती सामान चोरी नहीं हुई। कपड़े और कुछ नकद आदि चोर ले गए।
नकली चाबी से खोला ताले, गाड़ी से आए थे चोर : पवन ने बताया कि मकान मालिक ने बुधवार को फोन कर बताया कि चोरी हो गई। शाम में घर से लौटे तो देखा कि एक भी ताला नहीं है। उनका कहना है कि नकली चाबी से कमरे व ग्रिल में लगे ताला को खोल दिया। फिर कमरों में लगे ताले को खोलने के बाद पूरे घर को खंगाल दिया। घर में कुछ बचा ही नहीं है। जिस तरह से चोरी की गई है इससे पता चल रहा है कि चोर वाहन के साथ आए थे। चोरों की तादाद चार या उससे अधिक रही होगी। इस बाबत एसकेपुरी थाना में अज्ञात के खिलाफ लिखित आवेदन दिया गया है। एसकेपुरी थानेदार ने बताया कि पुलिस अज्ञात चोरों का सुराग लगाने में जुटी है।
रिटायर्ड सेक्शन अफसर के घर से 4 लाख उड़ाए
पटना|गर्दनीबाग थाने के अलकापुरी स्थित राजकुमार पथ में चोरों ने मकान मालिक समेत चार किराएदारों के गेट का ताला तोड़ दिया, लेकिन चोरी की वारदात एक ही किराएदार के यहां हुई। बीडी इवनिंग कॉलेज के रिटायर्ड सेक्शन अफसर विजय कुमार के घर से चोरों ने करीब 35 हजार नकद व पौने चार लाख का गहना उड़ा लिया। उनके पूजाघर में भगवान को चढ़ाने के लिए रखी रकम और गुल्लक को भी लेकर चंपत हो गए। घटना मंगलवार की देर रात की है। मकान मालिक मनोज कुमार इंजीनियर हैं। वे जमशेदपुर में रहते हैं। उनका फ्लैट सेकंड फ्लोर पर है। ग्राउंड फ्लोर पर विजय और शिक्षक राहुल, जबकि प्रथम तल्ले पर बिजली विभाग के कर्मी विकास कुमार व एक और शिक्षक छोटू रहते हैं। विजय परिवार के साथ होली मनाने सीवान स्थित गांव चले गए थे। राहुल पालीगंज, जबकि विकास डेहरी गए थे लेकिन उन्होंने एक आदमी को रखा था जो मंगलवार की रात थे। चोरों ने उनका गेट बाहर से बंद कर दिया था।
इंजीनियर के रिश्तेदार पहुंचे तब चला पता : बिजली विभाग के विकास ने जिन्हें रखा था, उन्होंने पास में ही इंजीनियर के रिश्तेदार को फोन किया। तब लोग वहां पहुंचे तक जानकारी मिली कि चोरी हो गई है। उसके बाद इन रिश्तेदारों ने विजय, राहुल व अन्य को फोन कर बताया। विजय के बेटे रवि दीप ने बताया कि चोरी केवल मेरे फ्लैट में हुई है पर सबके यहां कोशिश की गई थी। मेरे बेड में रखी अलमारी, बक्सा, ट्रंक आदि को तोड़ दिया गया। पुलिस चोरों का सुराग लगा रही है।
एसकेपुरी में बिल्डर और गर्दनीबाग में रिटायर्ड सेक्शन अफसर के घर चाेरी के बाद बिखरा सामान।