बिहटा-बेलदारीचक फाेरलेन पर ~600 करोड़ होंगे खर्च
बिहटा-सरमेरा स्टेट हाईवे के बिहटा-बेलदारीचक हिस्से काे फाेरलेन करने पर 600 करोड़ रुपए खर्च होंगे। वहीं गंगा नदी पर बनने वाले शेरपुर- दिघवारा महासेतु के निर्माण पर 2500 करोड़ खर्च होंगे। पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव एएल मीणा ने कहा कि बिहटा-बेलदारीचक मार्ग (40 किमी) और शेरपुर-दिघवारा महासेतु (7 किमी) का चयन पटना रिंग रोड के अंतर्गत किया गया है। एनएचएआई को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने इन दोनों परियोजनाओं का शीघ्र टेंडर करने का निर्देश दिया है।
पटना रिंग रोड में पहले चरण में इन्हीं दो पैकेज के निर्माण का निर्णय लिया गया है। बिहटा एयरपोर्ट को केंद्र में रखते हुए उसे सारण जिला और दक्षिण पटना के बड़े इलाकों से सीधे जोड़ने के लिए शेरपुर-दिघवारा महासेतु बनाने का काम इसी साल शुरू होने के आसार हैं। वहीं कन्हौली से एसएच-78 को जोड़ते हुए कन्हौली-नौबतपुर-डुमरी-लखना-कच्चीदरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन ब्रिज तक रिंग रोड बनाया जाना है।
रिंग रोड की कुल लंबाई लगभग 160 किलोमीटर
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछले वर्ष पटना रिंग रोड के एलाइनमेंट को एरियल सर्वेक्षण के बाद फाइनल किया था। रिंग रोड की कुल लंबाई लगभग 160 किलोमीटर और चौड़ाई 60 मीटर तय की गई है। एलाइनमेंट- ‘ कन्हौली- नौबतपुर- डुमरी- लखना- कच्चीदरगाह-बिदुपुर- चकसिकंदर से हाजीपुर शहर के उत्तर से सराय एनएच-77 को पार करते हुए एसएच-74 को पार करते हुए एनएच-19- दिघवारा-शेरपुर महासेतु- कन्हौली ’