फौकानिया में 92.62, मौलवी में 96.31% परीक्षार्थी पास
बिहार मदरसा बोर्ड ने नया इतिहास रचते हुए इस साल बिहार विद्यालय परीक्षा समिति से पहले फौकानिया यानी मैट्रिक और मौलवी यानी इंटर परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया। शनिवार को दोनों परीक्षाओं के परिणाम काे एक होटल में शिक्षामंत्री कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा व विधान परिषद के कार्यवाहक सभापति हारून रशीद को जारी करना था, पर कोरोना वायरस के खतरे की वजह से होटल में रिजल्ट जारी नहीं किया गया। इसके बाद चेयरमैन अब्दुल कय्यूम अंसारी और सचिव मो. सईद अंसारी ने बोर्ड के प्रशासनिक दफ्तर हारुननगर में रिजल्ट जारी किया। फौकानिया में 92.62 प्रतिशत परीक्षार्थी पास हुए जो पिछले साल से 17 फीसदी अधिक हैं। मौलवी में 96.31 प्रतिशत छात्र पास हुए। यह पिछले साल से 8 फीसदी अधिक है। दोनों परीक्षाएं डेढ़ माह पहले हुई थीं। समय पर रिजल्ट जारी करने के चक्कर में बोर्ड ने इसबार टॉपर लिस्ट जारी नहीं की। बोर्ड की वेबसाइट www.bsmeb.org पर दोनों परीक्षाओं का रिजल्ट जारी कर दिया गया। परीक्षार्थी इस वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम और मार्कशीट का प्रिंट निकाल सकते हैं।
5575 को प्रथम श्रेणी
फौकानिया में कुल 71284 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। इनमें 64290 परीक्षार्थी पास हुए। इस परीक्षा में प्रथम श्रेणी से 2244, द्वितीय श्रेणी से 53289 जबकि तृतीय श्रेणी से 8757 छात्र पास हुए। फौकानिया में 42 छात्र और 57 छात्राएं यानी कुल 119 नन मुस्लिम छात्र-छात्राओं ने भी कामयाबी का परचम लहराया। वहीं मौलवी की परीक्षा में इस साल 27221 छात्र शामिल हुए। 25223 छात्र पास हुए। इनमें प्रथम श्रेणी से 3331, द्वितीय श्रेणी से 20828 तथा तृतीय श्रेणी से 1064 छात्र कामयाब हुए। मौलवी की इस परीक्षा में 10 गैर मुस्लिम छात्र और 18 छात्राएं पास हुईं यानी 28 नन मुस्लिम छात्र पास हुए।
ऑनलाइन फीस जमा करने को लगी मशीन
चेयरमैन अब्दुल कय्यूम अंसारी ने बताया कि इस साल एकेडमिक कैलेंडर के अनुसार दोनों परीक्षाओं का परिणाम जारी कर दिया गया। समय पर रिजल्ट आने से छात्रों को आगे एडमिशन लेने में आसानी होगी। किसी तरह की फीस ऑनलाइन जमा करने के लिए बोर्ड में स्वैप मशीन लगा दी गई है।