आरा. दैनिक भास्कर के पत्रकार नवीन निश्चल एवं उनके साथी विजय सिंह की स्कार्पियो गाड़ी से रौंद कर हत्या करने के मामले में गिरफ्तार गड़हनी के पूर्व मुखिया पति मो. हरसू मियां उर्फ अहमद अली को दूसरे दिन मंगलवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस दौरान उसकी एक बड़ा झूठ भी पकड़ा गया। केस के दूसरे मुख्य आरोपी उसके बेटे डब्लू के मोबाइल का टावर लोकेशन पीरो के हसनबाजार में मिलने के बाद एसआईटी की टीम ने वहां छापेमारी भी की। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही वह भाग निकलने में सफल हो गया।
गौरतलब है कि सोमवार को गिरफ्तारी के बाद पूर्व मुखिया पति हरसू मियां ने पूछताछ के दौरान पुलिस को यह बताया था कि उसका बेटा डब्लू कोलकाता में है। जबकि, मोबाइल के टावर लोकेशन से उसका लोकेशन भोजपुर ही बता रहा है। भोजपुर के एसपी अवकाश कुमार ने कहा कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है। मंगलवार की रात उसके बेटा का लोकेशन हसनबाजार में मिला था। वह अपने एक रिश्तेदार के यहां शादी में गया था। सरेंडर नहीं करने पर उसकी चल संपत्ति कुर्क की जाएगी।
पत्रकार नवीन सिंह और विजय सिंह के याद में कैंडल मार्च निकल कर दिया गया श्रद्धांजलि
25 मार्च को गड़हनी पूर्व मुखिया द्वारा अपने गाड़ी से कुचल कर मारे गए दोनों पत्रकार नवीन सिंह और विजय सिंह को गड़हनी स्टेशन से नया बाजार होते हुए घटना स्थल नहसी तक कैंडल जला कर उनको श्रद्धांजलि दी। और आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना किया गया। जदयू छात्र नेता चीकू सिंह की नेतृत्व में सभा का आयोजन किया गया। मौके पर हरिशंकर सिंह, गुड़ु सिंह, हरीश सिंह, दीपक, चंदन, टुनटुन केशरी, कमलेश जी, नीरज , पम्मु आदि लोग मौजूद थे।
गड़हनी बाजार का भी एक शख्स था लाल रंग की स्कार्पियो में, पुलिस ने पूछा तो कहा- वह गाड़ी में नहीं था
पत्रकार हत्याकांड के इस मामले में जांच कर रही एसआईटी की टीम ने चरपोखरी थाना के गड़हनी निवासी एक अन्य संदिग्ध से पूछताछ की है। हालांकि, शुरुआती पूछताछ में उसका कहना है कि वह गाड़ी में नहीं था। जबकि, गिरफ्तार पूर्व मुखिया पति हरसू मियां ने पूछताछ में उसका नाम बताया था। पुलिस के अनुसार मोबाइल फोन का सीडीआर व टावर डंप डाटा निकालकर घटना के दिन का लोकेशन का पता लगाया जा रहा है। आपको बताते चलें कि मारे गए बगंवा गांव निवासी पत्रकार नवीन सिंह उर्फ नवीन निश्चल के छोटे भाई राजेश सिंह ने केस दर्ज कराया है, उसमें दो अज्ञात लोगों का भी जिक्र किया है।
मारे गए पत्रकार की पत्नी बोली- मेरे पति के कातिलों को फांसी की सजा होनी चाहिए
गड़हनी थाना के बगवां गांव निवासी मारे गए पत्रकार नवीन निश्चल उर्फ नवीन की पत्नी नीतू सिंह ने कहा कि उनके पति एक पत्रकार के साथ-साथ समाजसेवी भी थे। समाज के लिए हमेशा तत्पर रहते थे। उनके पति के कातिलों को फांसी की सजा होनी चाहिए। उनके बच्चों को पढ़ाने -लिखाने के लिए राज्य सरकार मदद करे। बेटी की भी शादी करनी है। पति के कत्ल के बाद परिवार का सहारा छीन गया है। सरकार से मदद की उम्मीद है।
एसपी बोले - सरेंडर नहीं करने पर कुर्क होगी पूर्व मुखिया के बेटे की संपत्ति
केस में पकड़े गए पूर्व मुखिया पति हरसू मियां के शातिर दिमागी का एक झूठ पकड़े जाने के बाद पुलिस को उसकी बातों पर यकीन नहीं हो रहा है। इसलिए पुलिस तकनीकी तरीके से भी इस केस की जांच कर रही है। एसपी अवकाश कुमार ने कहा कि एसआईटी की टीम वांछित पूर्व मुखिया के बेटे डब्लू की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश बना रही है। एक-दो दिन में रिजल्ट सामने आ जाएगा। सरेंडर नहीं करने पर पूर्व मुखिया के बेटे की चल संपत्ति कुर्क किया जाएगा। इसके लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गयीं है। पुलिस को मौके से एक मोबाइल फोन भी मिला है, जो पत्रकार या उनके साथी का बताया जा रहा है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.