आरा (बिहार). आरा में दैनिक भास्कर के पत्रकार नवीन निश्चल और उनके एक साथी को जीप से कुचलने के आरोपी मोहम्मद हरसू को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी पत्नी गड़हनी गांव की पूर्व मुखिया है। उनका बेटा डब्लू भी इसमें आरोपी है, जिसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। भोजपुर एसपी अवकाश कुमार ने बताया कि इस केस की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है।
1) आरोपी से हुआ था नवीन का विवाद
- दिवंगत पत्रकार नवीन के बेटे निखिल ने कहा, "मेरे पिता की साजिश के तहत हत्या की गई। पूर्व मुखिया के पति हरसू से उनकी कहासुनी हुई थी। हरसू ने अपनी स्कॉर्पियो से मेरे पिता को कुचल दिया। जीप के पीछे दो बाइक चल रही थीं। घटना को अंजाम देने के बाद हरसू उन्हीं में से एक बाइक पर सवार होकर भाग गया।"
2) रामनवमी का जुलूस कवरेज करने गए थे नवीन
- नवीन (35) और उनके साथी विजय सिंह (25) रविवार को रामनवमी के जुलूस का कवरेज करके बाइक से घर लौट रहे थे। रात करीब 8 बजे गड़हनी के पुल पर दोनों को जीप से कुचल दिया गया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
3) गुस्साए लोगों ने स्टेट हाईवे किया जाम, जीप में आग लगाई
- घटना से गुस्साए लोगों ने दोनों शवों को पुल पर रखकर आरा-सासाराम स्टेट हाईवे जाम कर दिया। जीप में आग लगा दी और दुकानों में तोड़फोड़ की। रात 11 बजे पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को काबू में किया।
- सोमवार को बड़हरा में महुली के गंगा घाट पर नवीन का अंतिम संस्कार किया गया।
4) दंगा भड़काने के मामले में जेल से छूटा था आरोपी
- इस केस में दूसरा आरोपी डब्ल्यू पीरो में दंगा कराने का आरोपी है। वह हाल ही में जेल से छूटा है।
- गांव के दूसरे पूर्व मुखिया विनोद सिंह का आरोप है कि नवीन ने हरसू के खिलाफ खबर छापी थी, इसलिए हरसू ने उसकी हत्या कर दी।
5) 15 साल से पत्रकारिता से जुड़े थे नवीन
- नवीन 15 साल से पत्रकारिता से जुड़े थे। उनके साथी विजय सिंह एक पत्रिका के लिए लिखते थे।
सीएम से मिला पत्रकारों का प्रतिनिधिमंडल
बिहार श्रमजीवी पत्रकार यूनियन का एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने पत्रकारों को सुरक्षा देने का आश्वासन दिया और कहा कि इस मामले में एक की गिरफ्तारी हो चुकी है। एसआईटी का गठन कर दिया गया है और गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.