असामाजिक तत्वों पर रखी जाएगी पैनी नजर
फुलवारी टमटम पड़ाव के पास पुलिस चेक पोस्ट का उद्घाटन हुआ। नगरपरिषद फुलवारी के नगरसभापति मो आफताब आलम ने कहा कि इस चेक पोस्ट से असामाजिक तत्वों और अपराधियों पर पैनी नजर रहेगी।
चेक पोस्ट का उद्घाटन करने के बाद नगरसभापति ने कहा कि टमटम पड़ाव स्थित पुलिस चेक पोस्ट में चौबीस घंटे पुलिस बल की तैनाती से आसपास क्षेत्रों में अपराध घटेगा । डीएसपी संजय कुमार पांडेय ने चेक पोस्ट के निर्माण के लिए नगरपरिषद का आभार व्यक्त करते हुये कहा कि नगर की हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए चेकपोस्ट पर दो सेक्शन फोर्स व दो पुलिस पदाधिकारी की तैनाती रहेगी जो 24 घंटे पोस्ट पर तैनात रहेंगे। चेक पोस्ट में सीसी कैमरे भी लगाए जाएंगे। पुलिस चेक-पोस्ट पर रहने वाले पुलिस अधिकारी व कर्मी को प्रखंड कार्यालय भवन में एक कमरे का आवास भी मुहैया कराया जाएगा। गौरतलब है कि राजद द्वारा आयोजित बिहार बंद के दौरान हुई हिंसा के बाद जिलाधिकारी व एसएसपी ने फुलवारीशरीफ में पुलिस चौकी बनाने की बात कही थी। इस मौके पर नगर कार्यपालक पदाधिकारी मनोज कुमार, थानेदार रफीकुर रहमान, मो नईम, सैयद सुजाउदीन, गुडडु रजक, मनोहर चौधरी, कौसर खान, शाह जाहिद हुसैन समेत अन्य लोग मौजूद थे ।
पुलिस चेकपोस्ट का उद्घाटन करते नगर सभापति आफताब आलम, डीएसपी संजय पांडेय व अन्य।