‘अभयानंद सुपर 30’ से अलग हुए अभयानंद, फेसबुक पर की घोषणा
इंजीनियरिंग (आईआईटी-जेईई) की प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कराने वाली संस्था ‘अभयानंद सुपर 30’ से अभयानंद (पूर्व डीजीपी) ने खुद को अलग कर लिया है। गुरुवार को संस्था के संचालक अमरेंद्रधारी सिंह को राज्यसभा चुनाव में राजद का टिकट मिलने के बाद उन्होंने यह कदम उठाया। दोपहर में इसकी घोषणा फेसबुक के जरिए की। मैसेज में उन्होंने खुद को एक शिक्षक बताते हुए संस्था के हटने वजह भी बताई है। फिलहाल संस्था में करीब 60 बच्चे पढ़ रहे हैं। होली के बाद उनके लाैटने का सिलसिला शुरू हो गया है। इन परिस्थितियों के बीच पूर्व डीजीपी व अभयानंद सुपर 30 के प्रमुख चेहरा अभयानंद के ताजा निर्णय की खबर शिक्षा-कोचिंग जगत से लेकर राजनीतिक गलियारों तक चर्चा का विषय बन गई है।
मैं एक शिक्षक हूं
मैं मूलत: एक शिक्षक हूं। अपने जीवन काल में जब कभी भी किसी ने मेरी सेवा लेनी चाही, मैंने कभी ना नहीं की। लेकिन इस शर्त के साथ कि सहयोगी कहीं से भी मेरे नाम का कोई राजनीतिक उपयोग नहीं कर सके। अभयानंद सुपर 30 के कर्ता-धर्ता अब एक राजनीतिक दल के साथ परोक्ष रुप से जुड़ गए हैं। फिर इस स्थिति में चल रहे अभयानंद सुपर 30 के नाम से खुद का नाम हटा रहा हूं।
- अभयानंद