कार्यालय लेट आने वाले कर्मियों पर होगी कार्रवाई
निगम
पटना | नगर निगम कार्यालय में देर से आने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई होगी। नगर आयुक्त हिमांशु शर्मा ने सभी कर्मचारियों को समय पर कार्यालय आने को कहा है। ऐसा नहीं करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। निगम प्रशासन द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि ऐसा देखा जा रहा है कि कर्मचारी समय पर कार्यालय में उपस्थित नहीं हो रहे हैं। नगर आयुक्त के निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों की उपस्थिति नगण्य थी। सुबह 10 बजे यह स्थिति थी। कार्यालय की अवधि सुबह 10 से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। इस अवधि में सभी कर्मचारियों का रहना जरूरी है। आदेश में कहा गया है कि सुबह 10:15 बजे तक बिना किसी चूक के हर कर्मचारी कार्यालय पहुंचें। इसके बाद कार्यालय आने वालों से स्पष्टीकरण पूछा जाएगा। तीन दिन लगातार विलंब से आने वाले कर्मचारियों का एक दिन का आकस्मिक अवकाश में समायोजन किया जाएगा। साथ ही, एक दिन का वेतन भी स्थगित किया जा सकता है।