कोरोना को लेकर जिले में चलेगा जागरुकता अभियान
कई देशों में फैल रहे कोरोना वायरस को लेकर जिले में आंगन बाड़ी केन्द्रों का संचालन जहां स्थगित कर दिया गया है वहीं दूसरी ओर शुक्रवार से अब स्कूल के छात्र-छात्राओं को जागरुक करने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया। यह जानकारी जिला शिक्षा पदाधिकारी चंद्रशेखर राय ने दी। उन्होंने बताया कि इसके लिए सरकार व जिला प्रशासन की तरफ से सभी प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकारियों को पत्र जारी किया गया है। पत्र के माध्यम से निर्देश दिया गया है कि सरकारी व प्राइवेट स्कूलों में बच्चों को कोरोना वायरस के प्रति जागरुक किया जाएं। जारी किए गए पत्र में बताया कि कोरोना वायरस चाइना सहित 24 देशों में फैल चुका है। इस कारण प्रतिदिन के कार्यों पर भी प्रभाव पड़ रहा है। उधर आदेश के आलोक में शुक्रवार से जिले के विभिन्न स्कूलों में अभियान की शुरुआत की गई।
ये दी जा रही है बच्चों को जानकारी
बार-बार हाथ धोएं।-खांसते या छींकते हुए मुंह व नाक पर रुमाल रखें।-बीमार होने पर घर पर रहें।-डॉक्टर से इलाज करवाएं। शिकायत होने पर अभिभावकों को जानकारी दे।
इस महामारी से बचने के लिए अभी तक कोई भी दवाई या टीका उपलब्ध नहीं है। इसलिए बचाव के उपाय ही इस महामारी को रोकने में अहम भूमिका निभा सकते है। ऐसे में जिला शासन ने कोरोना वायरस से बचाव के लिए निर्देश जारी किए गए। सभी सरकारी व प्राइवेट स्कूलों में छात्र-छात्राओं को कोरोना वायरस के बारे में जानकारी दी जानी शुरु कर दी गई है।
चंद्रशेखर राय, जिला शिक्षा पदाधिकारी
कोरोना वायरस को लेकर किया जाएगा लोगों को जागरूक
आइसीडीएस विभाग के डीपीओ नीतू सिंह ने कहा है कि नोवल कोरोनावायरस को देखते हुए सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन स्थगित कर दिया गया है। इन केंद्रों पर 13 मार्च से लेकर अगले आदेश तक सारी गतिविधियां बंद रहेंगी। बच्चों का शैक्षणिक कार्यक्रम भी स्थगित रहेगा। उन्होंने बताया कि पोषण अभियान के अंतर्गत हर किसी को समेकित बाल विकास सेवाएं द्वारा नोवल कोरोनावायरस को लेकर जागरूक किया जाएगा। लोगों से अपील किया जाएगा कि भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें और प्रयोग के तुरंत बाद टिशू को किसी बंद डिब्बे में फेंक दें। छींकते और खांसते समय अपना मुंह व नाम टिशू या रूमाल से ढकें। उन्होंने कहा कि बार-बार हाथ धोंए जब आपके हाथ स्पष्ट रूप से गंदे न हो, तब भी अपने हाथों को अल्कोहल आधारित हैंडबॉश या साबुन और पानी से साफ करें।