पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
पटना. देश में कोरोनावायरस के बढ़ते प्रकोप के चलते बिहार सरकार ने 31 मार्च तक सभी स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थानों और सिनेमा घरों को बंद रखने का आदेश दिया है। हालांकि, सीबीएसई की परीक्षाएं जारी रहेगी। दूसरे स्कूलों में चल रही परीक्षाओं के संबंध में सरकार ने संबंधित अथॉरिटी से कहा है कि परीक्षाओं की तारीख आगे बढ़ाने को लेकर विचार करें। 22 से 24 मार्च तक आयोजित बिहार दिवस कार्यक्रम को भी स्थगित कर दिया गया है।
कोरोनावायरस के संक्रमण को लेकर शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, मुख्य सचिव दीपक कुमार समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद थे। बैठक में भीड़- भाड़ वाले जगहों को बंद रखने करने का निर्णय लिया गया है। बिहार से लगी नेपाल की सीमा पर कड़ी चेकिंग का आदेश दिया गया है। नेपाल से आने वाले सभी लोगों को स्क्रीनिंग के बाद ही प्रवेश मिलेगा। इसके लिए सीमा पर डॉक्टरों की टीम तैनात रहेगी।
कर्मचारियों को अल्टरनेट डे बुलाने पर विचार
मुख्य सचिव दीपक कुमार ने कहा कि ऑफिस में कर्मचारियों की संख्या कम हो इसको लेकर सरकार विचार कर रही है। सरकारी कर्मियों को अल्टरनेट-डे बुलाने पर विचार हो रहा है।
म्यूजियम और चिड़ियाघर भी बंद
ज्ञान भवन, एसके मेमोरियल हॉल और बापू सभागार समेत सभी हॉल में आयोजित कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया है। 31 मार्च तक सभी तरह के कार्यक्रमों की बुकिंग पर रोक लगा दी गई है। सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को भी बंद रखने का फैसला किया गया है। खेल और कल्चरल प्रोग्राम पर भी रोक रहेगी। म्यूजियम, चिड़ियाघर के साथ ही पटना के सभी पार्कों को भी बंद रखा जाएगा।
पीएमसीएच के डॉक्टरों की छुट्टी रद्द
पीएमसीएच, एसकेएमसीएच, एनएमसीएच समेत बिहार के सभी सरकारी अस्पतालों में कोरोना के संदिग्ध मरीजों की जांच की व्यवस्था की गई है। अस्पतालों में अलग से आइसोलेशन वॉर्ड बनाया गया है। पीएमसीएच के डॉक्टरों की छुट्टी रद्द कर दी गई है। बिहार में अभी तक कोरोनावायरस से पीड़ित एक भी मरीज नहीं मिला है। शुक्रवार तक 142 मरीज ऑब्जर्वेशन में थे जिनमें से 73 को डिस्चार्ज कर दिया गया है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.