फुटबॉल का खिताब बिहार एकादश ने जीता
गांधी मैदान में रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित प्रदर्शनी महिला फुटबॉल मैच का खिताब जूनियर बिहार एकादश ने पटना महिला एकादश को 3-1 से पराजित कर जीत लिया। बिहार फुटबॉल संघ द्वारा आयोजित इस मैच का उद्घाटन संघ के अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद यादव, बिहार फुटबॉल संघ के सचिव सैयद इम्तियाज हुसैन ने गुब्बारा उड़ाकर किया। बिहार जूनियर की टीम हरे रंग की जर्सी में और पटना एकादश की टीम नीले रंग की जर्सी में खेलने उतरी। बिहार की ओर से खेल रही लक्की कुमारी मध्यांतर पूर्व गोल दागने का मौका तीन बार गंवा बैठी। इस हाफ में गोल नहीं हो पाए। पहला गोल 32वें मिनट पर पटना के लिए निशा कुमारी ने एकाकी प्रयास से दाग कर अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दी। 35वें मिनट में बिहार एकादश की आस्था कुमारी ने स्कोर 1-1 कर दिया। बिहार की खिलाड़ी बराबरी करने के बाद तेज खेलने लगी। 45वें मिनट में रागिनी कुमारी व 55वें मिनट पर लक्की ने गोल दाग कर बिहार एकादश को 3-1 से विजयी बना दिया।
इस मैच के रेफरी मिथिलेश कुमार थे जबकि अमरजीत कुमार, गौरव राज व बिनोद कुमार सहायक रेफरी थे। विजेता-उपविजेता खिलाडिय़ों को चीफ गेस्ट अंतरराष्ट्रीय महिला फुटबॉलर अंशा ने पुरस्कृत किया। समारोह में राष्ट्रीय फुटबॉलर सपना कुमारी, शिल्पी कश्यप, मधु त्रिपाठी, प्रिया कपूर विशिष्ट अतिथि थी। इन अतिथियों को पटना के पूर्व मेयर श्याम बाबू राय एवं बिग्रेडियर नरेन्द्र कुमार ने शॉल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर पीएफए के उपाध्यक्ष अलाउद्दीन अंसारी, विजय सिन्हा, संयुक्त सचिव मनोज कुमार, सदस्य शर्मानंद राय, सायंस कॉलेज के पीटीआई मो. जावेद खान, बिहार बालिंग संघ के कार्यकारी सचिव मो. मुख्तार खान, पूर्व संतोष ट्राफी खिलाड़ी एसके मजमूदार और संतोष कुमार सिंह मौजूद थे।