बिहटा : रास्ता बंद करने पर धरने पर बैठे ग्रामीण
लई चौक के समीप एक सरकारी जमीन पर बाउंड्री किए जाने का मामला तूल पकड़ने लगा है। इससे कई लोगों का रास्ता बंद हो गया, जिससे आक्रोशित लोगों ने इसके खिलाफ वहीं धरना शुरू कर दिया। एक साथ कई गरीब परिवारों के अपने बच्चों के साथ धरना पर बैठने की सूचना से हड़कंप मच गया। आनन- फानन में सीओ के साथ बिहटा पुलिस पहुंची। जहां मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया, तब जाकर लोग धरने पर से उठे। इस मौके पर पीड़ित कैप्टन यादव, सुरेश साव, मुन्ना साव, नीरज साव, राजेश्वर साव, पंकज चंद्रवंशी, बुल्लू चंद्रवंशी, पवन साव, विवेक साव, त्रिवेणी यादव, चंदन साव, कुंदन साव, नीरज चंद्रवंशी ने बताया कि यह जमीन सरकार की है। वर्षों से इसी जमीन का वे रास्ते के रूप में उपयोग करते रहे हैं। अचानक एक माह पूर्व श्याम नंदन सिंह व उनके परिवार ने इस जमीन को अपनी बताते हुए इस रास्ते से आने-जाने पर प्रतिबंध लगा दिया। इसको लेकर शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मामले में सीओ सुनील वर्मा ने त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।उन्होंने बताया कि जमीन परती कदीम है। घेराबंदी करने वालों पर नोटिस जारी किया जा रहा है।