भाजपा नेता को सनकी ने गंड़ासे से मारा, गंभीर
सोमवार की दोपहर बाद आर्यसमाज रोड से स्टेशन रोड तक ऐसा मंजर पसरा कि वहां से गुजरनेवाला हर व्यक्ति खौफजदा हो गया। एक सनकी ने गंड़ासा लिए भाजपा नेता व व्यापारी पर अचानक हमला कर दिया व उन्हेंे घायल कर दिया। पीड़ित अजय कुमार आजाद क्षेत्र के प्रतिष्ठित व्यापारी और भाजपा नेता हैं। वे स्टेशन रोड स्थित अपने शाॅपिग माॅल से लौट कर अपने घर पर जा रहे थे कि अचानक से आर्य समाज रोड मेें उस सनकी ने हमला कर दिया। इस दौरान उनका हाथ, गर्दन सहित कई जगह कट गया।
बाद में कुछ लोगों ने हिम्मत दिखा कर हमलावर को अपने कब्जे में लिया और जमकर पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया। हमलावर का नाम विनोद पासवान है और वो बाजार में बोझा ढोता है। घटना के बाद गंभीर हालत में अजय को स्थानीय पीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत पटना रेफर कर दिया। पटना के पारस हॉस्पिटल में उन्हें भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज कराया जा रहा है। उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।