बीआरएबीयू: पीएचडी कोर्स वर्क अगले महीने होगा शुरू
बीआरए बिहार विवि में अब पीएचडी कोर्स वर्क की शुरुआत अप्रैल महीने में होगी। पैट का फाइनल रिजल्ट जारी होने के बाद इसकी कॉपी सभी पीजी विभागाध्यक्षों को भेज दी गई है। यह जानकारी विवि के डीएसडब्ल्यू डॉ. अभय कुमार सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि पीजी विभागों के साथ-साथ कॉलेजों में पठन-पाठन पर 31 मार्च तक रोक लगा दी गई है। वहीं पीजी विभागों में पीएचडी में नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि पहले 20 मार्च से कोर्स वर्क शुरू करने का निर्देश दिया गया था। लेकिन अब अगले महीने इसे शुरू किया जाएगा। इसका निर्देश सभी पीजी विभागाध्यक्षों को जारी किया गया है। डीएसडब्ल्यू ने बताया कि पैट के फाइनल रिजल्ट में 30 फीसदी सीटों को रिजर्व रखा गया है। इसे अगली पैट परीक्षा में शामिल किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि बीआरए बिहार विवि में सवा तीन सौ से अधिक सीटों के लिए पीएचडी एडमिशन टेस्ट का आयोजन किया गया था। चौथी बार में इसका सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
31 तक बढ़ सकती है पीजी में आवेदन की तिथि
बीआरए बिहार विवि में पीजी में नामांकन के लिए आवेदन तिथि को 31 मार्च तक बढ़ाया जा सकता है। फिलहाल 20 मार्च तक आवेदन की तिथि रखी गई है। अब तक नामांकन के लिए 11 हजार छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है। विवि के पीजी विभाग, कॉलेज एवं संबद्ध कॉलेजों को मिला कर कुल 4100 सीटों पर नामांकन होना है।