केक शॉप लुटेरा ही गया था पीएनबी को लूटने, तीन बार की थी रेकी
बड़ा रंगबाज बनने के चक्कर में जक्कनपुर थाने के पास केक शॉप लूटने के चक्कर पर पकड़ा गया शानू ही पत्रकार नगर के मलाही पकड़ी स्थित पंजाब नेशनल बैंक में भी लूट करने पहुंचा था और इसके लिए उसने बैंक की तीन बार रेकी भी की थी। पुलिस को पड़ताल में उसके मोबाइल से कई वेबसीरिज मिले हैं। वह बड़ा रंगबाज बनकर जल्द पैसे कमाने चाहता था। पुलिस ने गुरुवार को शानू के दूसरे साथी सागर को भी गिरफ्तार कर लिया। सागर बुधवार को शानू के साथ केक शॉप लूटने पहुंचा था। 9 मार्च को शानू अकेले ही पीएनबी में लूट करने पहुंचा था। सिटी एसपी पूर्वी जितेंद्र कुमार ने कहा कि दोनों के पास से एक देसी पिस्टल, एक कारतूस, केक शॉप से लूटे गए 15170 रुपए, घटना में प्रयुक्त बाइक, चाकू और कई नंबर प्लेट बरामद किए हैं।
पुलिस पर पिस्टल तान कर कहा, भाग जाओ नहीं तो ठोक देंगे
बुधवार को लगभग साढ़े 8 बजे शानू केक शॉप को लूटने पहुंच गया था। वहीं सागर केक शॉप के बाहर बाइक पर बैठ कर उसका इंतजार कर रहा था। तभी दुकान मालिक ने थानेदार मुकेश वर्मा को फोन कर दिया। दरोगा अनिल कुमार दल-बल के साथ पहुंचे। तब तक शानू पैसे लेकर बाहर निकल रहा था। दरोगा को देख शानू ने उस पर पिस्टल तान दिया और कहा, भाग जाओ नहीं तो ठोक देंगे। हालांकि, दरोगा और अन्य सिपाही ने साहस दिखाते हुए शानू को झपटकर पकड़ लिया। इधर, सागर वहां से भाग निकला। सिटी एसपी ने कहा, थानेदार मुकेश वर्मा, दरोगा अनिल कुमार, सिपाही विकास, राजकुमार, पंकज को पुरस्कृत किया जाएगा। शानू साइको अपराधी की तरह बर्ताव कर रहा है। गिरफ्तारी के बाद उसने कहा, इस बार चूक गया, लेकिन अगली बार इस केक दुकान को जरूर लूट लूंगा। उसने पुलिस से कहा, मैं जब से रंगबाज देखा हूं, तब से ही मैंने ठान लिया है कि मुझे आनंदपाल की तरह मशहूर गैंगस्टर बनना है।
पुलिस ने हथियार के साथ कई चीजें बरामद की है।
मामा से ली थी बाइक
शानू ने पुलिस को बताया, उसके घर में पैसे की तंगी है। पढ़ाई कर नौकरी पाने में काफी समय लगेगा, इसलिए वह अपराध की दुनिया में आया। जल्द से जल्द करोड़पति बनना है। उसने अपने मामा से लूटपाट के इरादे से ही बाइक लिया था। साथ में कई नंबर प्लेट भी पुलिस ने बरामद किए हैं।