एजी ऑफिस के स्टेनो को अगवा कर लूटी गई कार उदवंतनगर से बरामद
कोलकाता एजी में स्टेनो आशुतोष कुमार उर्फ सोनू के अपहरण और उनकी आई-20 कार लूटने के मामले में पुलिस ने कार को भी बरामद कर लिया।
पुलिस इस कार को आरा के उदवंतनगर से शनिवार की देर रात को बरामद कर लिया। शाहपुर थाना की पुलिस उस कार को लाने के लिए रवाना हो गई है। फुलवारीशरीफ नगर परिषद के पूर्व सभापति रानीपुर निवासी चेतन पासवान के दामाद आशुतोष का कार सहित शुक्रवार की रात को उस वक्त अपहरण कर लिया गया था जब वे ससुराल से कार से बिक्रम के करसा गांव जा रहे थे।
पुलिस ने चार अपहर्ताओं
को गिरफ्तार करने के साथ ही उन्हें भी शुक्रवार काे ही बरामद
कर लिया था। अपहर्ताओं ने
उनकी सोने की चेन, एटीएम कार्ड व 12 हजार नकद लूट लिया था। कार लेकर फरार हो गए थे।
इस मामले में दो और अपहर्ताओं को पुलिस तलाश रही है।
ये अपहर्ता दानापुर, आरा, पालीगंज व आसपास के हैं। जिस स्कार्पियो से स्टेनो का अपहरण किया गया था, उसे भाड़ा पर लिया गया था।
अपहर्ता को पहचान लिया था स्टेनो ने
शाहपुर के शिवाला व सरारी के बीच जब स्कार्पियो से कार सवार स्टेनो का अपहरण होने के बाद स्टेनो ने एक अपहर्ता की पहचान कर ली थी। पहचान हो जाने और मामले के खुल जाने की आशंका को देख इन अपहर्ताओं ने उनकी हत्या कर देने की प्लानिंग की थी। इस वजह से उन्हें सुनसान इलाके में ले जाया जा रहा था पर पालीगंज एसडीपीओ मनोज पांडेय और उनकी टीम ने सूचना मिलने के बाद फौरन कार्रवाई करते हुए अपहर्ताओं के मकसद को सफल नहीं होने दिया।