बच्चे बन रहे साइबर क्रिमिनल के टारगेट
गायघाट स्थित बिहार न्यायिक अकादमी में मंगलवार से साइबर क्राइम एवं साइबर कानून पर तीन दिनों का प्रशिक्षण आरंभ हुआ। इसमें 58 न्यायिक पदाधिकारी अाैर 32 अभियोजन पदाधिकारी भाग ले रहे हैं। उद्घाटन महानिदेशक सह महा समादेष्टा बिहार गृहरक्षा वाहिनी के आरके मिश्र ने किया।
विशिष्ट अतिथि अपर पुलिस महानिदेशक आर्थिक अपराध इकाई, पुलिस उप महानिरीक्षक आर्थिक इकाई शिव कुमार झा, अभिजीत चटर्जी, चंचल पात्रा, आदित्य बनर्जी एवं सी डैक कोलकाता शामिल हुए। महानिदेशक सह महा समादेष्टा बिहार गृहरक्षा वाहिनी के आरके मिश्र ने कहा कि साइबर अपराधी महिलाओं एवं बच्चों को टारगेट कर परेशान करते हैं। स्कूली बच्चे भी साइबर क्राइम का शिकार हो रहे हैं। इस तरह के क्राइम अाैर क्रिमनल से बचने के लिए साइबर क्राइम संबंधित जानकारी को स्कूल व कॉलेज के पाठ्यक्रम में शामिल किए जाने पर बल दिया। अपर पुलिस महानिदेशक आर्थिक अपराध इकाई जेएस गंगवार ने कहा कि पहले छत के सहारे दीवार में सेंधमारी कर चोरी सहित अन्य वारदात होती थी लेकिन बदले हुए माहौल में अपराधी साइबर अपराध के सहारे डिजिटल तरीके से बैंक खातों में प्रवेश कर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। साइबर अपराध के मामले दर्ज करने के लिए नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी चर्चा की और इसकी उपयोगिता के बारे में बताया। संस्थान के निदेशक जीतेंद्र कुमार ने बढ़ते साइबर अपराध पर साइबर कानून जानने पर बल दिया।
संचालन पुलिस अधीक्षक आर्थिक अपराध इकाई प्राणतोष कुमार दास व धन्यवाद ज्ञापन पुलिस उप महानिदेशक शिव कुमार झा ने किया।