पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

मनेर में विवाद काे लेकर दाे गुटों में भिड़ंत, फायरिंग में एक जख्मी

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

नया ग्राम, जमुनीपुर में दो गुटों के बीच हुई खूनी संघर्ष में एक व्यक्ति गोली लगने से जख्मी हो गया वहीं मारपीट में छह लाेग घायल हो गए। गंभीर रूप से जख्मी धर्मराज राय और रामनाथ राय को इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है। घटना का कारण पूर्व का विवाद बताया जा रहा है। इससे पहले भी दोनों तरफ से थाने में मामला दर्ज है। बताया जाता है कि मंगलवार की शाम में जमुनीपुर गांव में धर्मराज राय के घर पर रंग-अबीर खेला जा रहा था, इसी बीच गांव के ही लालबाबू राय ने अपने पांच दर्जन समर्थकों के साथ अचानक हमला कर दिया तथा धर्मराज राय एवं उनके परिजनों को मारने-पीटने लगे। दोनों गुटों में जमकर रोड़ेबाजी अाैर लाठी-डंडे से मारपीट हुई। घटना में में धर्मराज राय के पैर में गोली लग गई। वहीं मारपीट में पंचायत समिति सदस्य रामनाथ राय, श्रीनाथ राय, राहुल राय, संतोष राय, अमरनाथ राय, सुरेंद्र कुमार घायल हो गए। इस संबंध में धर्मराज राय के पक्ष से नसीब लाल राय ने 58 लोगों को नामजद करते हुए मनेर थाना में प्रथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने इस मामले में पंचम राय को गिरफ्तार किया है।

मारपीट में चार हिरासत में

मनेर के हाथी टोला गांव में दो गुटों के लोग आपसी विवाद को लेकर भिड़ गए। इस दाैरान जमकर मारपीट हुई। बताया जाता है कि रामजीवन राय और भोला राय आपसी विवाद को लेकर आपस में भिड़ गए। थानाध्यक्ष मधुसूदन कुमार ने बताया कि हाथी टोला में एक पक्ष के चार लोगों को पकड़ा गया है। दोनों ओर से मामला दर्ज कराया गया है।

फतुहा : रंग डालने को लेकर विवाद में दो गुटों में रोड़ेबाजी और फायरिंग, 3 गिरफ्तार

फतुहा | मंगलवार की शाम नत्थुपुर गांव में एक युवती पर रंग डालने को लेकर हुए विवाद में पूरा गांव रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। घंटों दो गुटों के बीच जमकर रोड़ेबाजी हुई तथा फायरिंग की गई। फायरिंग की घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है लेकिन रोड़ेबाजी में दोनों गुटों की ओर से कई लोग जख्मी हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तथा स्थिति को संभाला। पुलिस ने एक गुट के तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में दोनों गुट के तरफ से लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।

पालीगंज में बदमाशों ने की फायरिंग

पालीगंज | मंगलवार को पालीगंज बाजार में बदमाशों ने थाने से कुछ ही दूरी पर फायरिंग कर दहशत फैला दी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस को देख बदमाश भाग निकले। बताया जाता है कि मंगलवार को पालीगंज थाने से कुछ ही दूरी पर स्थित राजद नेता व पूर्व विधायक दीनानाथ सिंह यादव के कार्यालय के समीप बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग में भगदड़ मच गई। बाद में ग्रामीणों ने इसकी सूचना पालीगंज थाने को दी। पुलिस को देख बदमाश भाग निकले।

दनियावां में सिरफिरे युवक ने फायरिंग कर फैलाई दहशत, पुलिस का इनकार


दनियावां | थाना क्षेत्र के दानारा गांव में एक सिरफिरे युवक ने सरेआम फायरिंग कर दहशत फैला दी। इस संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि गांव के ही एक सिरफिरे युवक ने मंगलवार को स्कूल के समीप सरेआम कई चक्र गोलियां चलाते हुए दहशत फैलाने की कोशिश की। किस्मत अच्छी रही कि फायरिंग के दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। थानाध्यक्ष मुन्ना कुमार ने फायरिंग की घटना से साफ इनकार करते हुए कहा कि ऐसी किसी खबर की जानकारी ग्रामीणों ने नहीं दी है।

खबरें और भी हैं...