कोरोना : आज से बिहार के सभी आंगनबाड़ी केंद्र स्थगित
केंद्र ने राज्याें के लिए जारी किए हेल्पलाइन नंबर, बिहार के लिए 104, केंद्रीय नंबर 011-23978046
पटना | राज्य सरकार ने कोरोना के खतरे को देखते हुए शुक्रवार से अगले आदेश तक सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन स्थगित रखने का आदेश दिया है। गुरुवार को समेकित बाल विकास सेवाएं (आईसीडीएस) निदेशालय ने इस संबंध में आदेश जारी किया। हालांकि इस दौरान पका भोजन और टीएचआर का वितरण पहले की भांति जारी रहेगा। आईसीडीएस की सहायक निदेशक ने सभी जिला प्रोग्राम पदाधिकारी और बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों को शुक्रवार से अगले आदेश तक आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन स्थगित करने का आदेश दिया है। आदेश में आईसीडीएस ने कोरोना का जिक्र नहीं किया है, लेकिन निदेशालय के सूत्र ने बताया कि कोरोना के खतरे को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। अभी सूबे में 1.5 लाख केंद्र संचालित हो रहे हैं। हर केंद्र पर औसतन 40 बच्चे हैं।