पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
पटना. उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने शनिवार को कहा कि कोरोनावायरस के संक्रमण को रोकने के लिए बिहार सरकार ने प्रोएक्टिव कदम उठाए हैं। कोरोना को लेकर पैनक होने की जरूरत नहीं है। लोगों को सचेत रहना चाहिए। एक दूसरे से दूरी बनाकर रखें। एक व्यक्ति और दूसरे व्यक्ति के बीच एक मीटर की दूरी होनी चाहिए। जागरूकता से हम कोरोनावायरस के हमले का सामना कर पाएंगे। सरकार काम कर रही है। जनता का भी सहयोग चाहिए। मास्क को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई है। सभी लोगों के लिए मास्क पहनना जरूरी नहीं है, जिन्हें सर्दी-खांसी है वे मास्क पहनें।
सुशील मोदी ने कहा कि बिहार के सात जिले नेपाल से जुड़े हैं। नेपाल में कोरोना वायरस का पॉजिटिव केस पाया गया है। बोधगया में बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक आते हैं। बिहार में अभी तक एक भी पॉजिटिव केस नहीं पाया गया है। कुछ लोगों को संदेह के आधार पर अलग रखा गया है। बिहार में वायरस का संक्रमण न फैले इसके लिए राज्य सरकार ने हर संभव कमद उठाए हैं।
हर मेडिकल कॉलेज में बना आईसोलेशन वार्ड
सुशील मोदी ने कहा कि वेंटिलेटर की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में आईसोलेशन वार्ड का निर्माण किया गया है। डॉक्टरों की छुट्टी रद्द कर दी गई है। सभी दलों में सहमति बनी तो विधानसभा के सत्र को भी छोटा किया जा सकता है। हमलोगों ने देखा है कि दुनिया के जिन देशों ने समय के पहले कदम उठाया उन सभी जगहों पर कोरोना को रोकने में सफलता मिली है।
भाजपा का प्रशिक्षण शिविर स्थगित
भाजपा ने 20-22 मार्च तक राजगीर में होने वाले प्रशिक्षण शिविर को स्थगित करने का निर्णय लिया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 22 मार्च को राजगीर आने वाले थे।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.