17 से हड़ताल पर जाएंगे निगमकर्मी
पटना नगर निगम के हजारों कर्मचारी शनिवार को दोपहर बाद मिलर स्कूल मैदान में जमा हुए। उन्होंने सरकार पर वादाखिलाफी का अाराेप लगाया। खराब मौसम के बावजूद मानव शृंखला बनाई। पटना नगर निगम संयुक्त कर्मचारी समन्वय समिति ने 17 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का एेलान किया। नगर विकास विभाग ने 28 जनवरी को एक फरवरी से दैनिक कर्मचारियों की सेवा नहीं लेने का आदेश जारी किया था। इस आदेश के खिलाफ तीन फरवरी को दैनिक कर्मचारी अनिश्चितकालीनहड़ताल पर चले गए। इसके बाद सरकार ने इस नियम को लागू करने की अवधि 31 मार्च तक बढ़ा दी है। आठ फरवरी को नगर विकास विभाग व नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक में निगम कर्मचारियों को आश्वासन दिया गया था कि 4300 दैनिक कर्मचारियों में से किसी की सेवा नहीं जाएगी। लेकिन, लोकायुक्त के आदेश को लेकर जब तक ऊपरी अदालत से कोई आदेश नहीं आता है, तब तक इन कर्मचारियों पर तलवार लटकी रहेगी। कर्मचारी नेता नंदकिशोर दास ने कहा कि हमारी मांग नहीं मानी जाती है तो दैनिक कर्मचारी 17 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।