ग्रामीणों को एनआरसी व एनपीआर के खिलाफ जागरूक करेगा भाकपा-माले
भाकपा-माले जिला कार्यालय पर एक बैठक पार्टी जिला सचिव नैमूद्दीन अंसारी की अध्यक्षता में हुई। बैठक को संबोधित करते हुए जिला सचिव श्री अंसारी ने कहा कि सीएए, एनआरसी व एनपीआर देश के दलित गरीबों के हक अधिकार लूटने वाला है। नागरिकता तो सिर्फ बहाना है, आरक्षण और संविधान बदलना भाजपा का मुख्य निशाना है। 23 मार्च भगत सिंह की शहादत दिवस से 14 अप्रैल तक गांव-गरीबों को सीएए, एनआरसी व एनपीआर की जन विरोधी सच्चाई को गांव-गांव जाकर बताया जाएगा ताकि गरीब इस काले कानून के खिलाफ लोग सजग रहें,और विरोध करें। 24 मार्च को पटना में पूरे बिहार के जनप्रतिनिधियों की बैठक माले करेगा। 31 मार्च को चंद्रशेखर की शहादत दिवस पर बिहार स्तर की एक यात्रा सीवान से ही शुरू होगा। 18 से 20 अप्रैल को बिहार के गया में होने वाले ग्यारहवें बिहार राज्य सम्मेलन के लिये सीवान की पूरी पार्टी अपनी ताकत झोंकेगी। माले विधायक सत्यदेव राम ने कहा कि एनपीआर ही एनआरसी है। हमने लड़कर बिहार विधानसभा में एनपीआर के खिलाफ प्रस्ताव पास करवाया, पार्टी नेतृत्व में ऐसे सारे काले कानूनों के खिलाफ हम संघर्ष करते रहेंगे। मौके पर सोहिला गुप्ता, उमेश प्रसाद, हंसनाथ राम, बच्चा प्रसाद आदि मौजूद थे।
माले जिला कार्यालय में हुई बैठक में मौजूद नेता व अन्य।