पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
पटना. पंजाब नेशनल बैंक की हनुमाननगर शाखा को लूटने के लिए एक अपराधी हथियार लेकर घुस गया। 9 मार्च को करीब 3:40 बजे पत्रकारनगर थाने के मलाही पकड़ी के पास प्रथम तल्ले पर स्थित इस बैंक में वह घुसा और कैश काउंटर तक पहुंच गया।
कैशियर पर पिस्टल तान दी और धमकी देते हुए रकम देने को कहा। उस वक्त ग्राहकों की तादाद कम थी। कैशियर पिस्टल देख हड़बड़ा गया लेकिन धैर्य नहीं खोया। कैश काउंटर में भी सायरन का स्विच है। कैशियर ने उसे दबा दिया। इससे बैंक का सायरन बजने लगा।
आवाज सुनकर 300 मीटर दूरी पर स्थित थाने से पुलिस अाैर स्थानीय लाेग पहुंचे, तबतक वह लुटेरा भाग गया। पुलिस के अनुसार उस वक्त बैंक में करीब 10-15 लाख रुपए थे।
सीसीटीवी फुटेज में कैद, हेलमेट व मास्क लगा रखा था
सिटी एसपी ईस्ट जितेंद्र कुमार, सदर एएसपी किरण जाधव अाैर पत्रकारनगर पुलिस मौके पर पहुंच गई। बैंक के सीसीटीवी को खंगाला गया, जिसमें लुटेरे की तस्वीर दिखी। दुबला-पतला युवक हेलमेट लगाए हुए था। चेहरे पर मास्क लगा रखा था। उसका चेहरा साफ नहीं दिख रहा है। पुलिस बैंक के आसपास की दुकानों व घरों में लगे सीसीटीवी को खंगालने में जुटी है। एसएसपी उपेंद्र शर्मा ने बताया कि सायरन बजते ही वह चंपत हो गया। उसकी पहचान करने में पुलिस जुटी है।
जंक्शन के पास बैंक से एक ही लुटेरे ने लूट ली थी रकम
पिछले साल 31 दिसंबर को पटना जंक्शन के पास यूनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया से 9 लाख 12 हजार 200 रुपए लूट की वारदात को एक ही अपराधी ने अंजाम दिया था। उसकी भी तस्वीर सीसीटीवी में कैद हुई थी। आशंका है वही अपराधी हाे। यूनाइटेड बैंक में हुई लूट में पुलिस लुटेरे को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। हालांकि एसएसपी का दावा है कि दोनों वारदातों में दो लुटेरे हैं।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.