दनियावां : अगजा जलाने के विवाद में मारपीट, 12 जख्मी, 6 हिरासत में
शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के नियामतपुर गांव में अगजा जलाने को ले उत्पन्न विवाद काे लेकर देर रात दोनों पक्ष के बीच जमकर मारपीट हो गई, जिसमें 12 से ज्यादा लोग घायल हो गए। ग्रामीणों के अनुसार इस दरम्यान कई राउंड फायरिंग भी हुई। इसकी सूचना मिलते ही शाहजहांपुर पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की तहकीकात करते हुए सभी घायलों को इलाज के लिए दनियावां पीएचसी भर्ती कराया अाैर छह लोगों को हिरासत में ले लिया। थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा दोनों पक्षों की ओर से नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है, जिसके आलोक में इंद्रजीत पासवान, अनूप कुमार समेत छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। थानाध्यक्ष ने फायरिंग की घटना से इनकार किया है। वहीं दनियावां थाना क्षेत्र के सलारपुर गांव में दो पक्षों के बीच हुए विवाद में आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की तहकीकात करते हुए सभी घायलों को इलाज के लिए पीएससी में भर्ती कराया। थानाध्यक्ष मुन्ना कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है जिसके आलोक में नामजद आरोपी मूखेंद्र पासवान, नागेश्वर पासवान समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया तथा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
हमला कर पसली तोड़ी
फतुहा | मंगलवार को बलवा गांव में आपसी विवाद में पड़ोसियों ने एक युवक पर फलसा से हमला कर पसली तोड़ डाली। युवक ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।