- Hindi News
- Local
- Bihar
- Patna
- Patna News Demand Increased Six Times Due To Kareena39s Calf Rs 15 Mask Being Available For 90 Rupees
काेराेना के खाैफ से डिमांड छह गुनी बढ़ी, 90 रुपए में मिल रहा 15 रुपए वाला मास्क
कोरोना वायरस का प्रकाेप अभी यहां नहीं है, लेकिन लाेग सतर्कता बरत रहे हैं। इससे मास्क, ग्लब्स, गाउंस, गोगल्स और हैंड सेनेटाइजर की डिमांड छह गुनी बढ़ गई है। इससे आमदिनाें में 15 रुपए में मिलने वाला मास्क 90 रुपए तक में मिल रहा है। इसमें भी ब्रांडेड की कमी है। जिस सेनेटाइजर में 45 फीसदी अल्कोहल है, उसकी कीमत 550 रुपए तो 90 फीसदी अल्कोहल वाले सेनेटाइजर की कीमत लगभग एक हजार रुपए है। जनवरी में थोक दुकानों पर सिंगल लेअर मास्क की कीमत 4.50 रुपए थी। खुदरा दुकानों पर 10 से 15 रुपए तक में बिकता था। थोक में डबल लेअर का मास्क 15 से 20 रुपए और तीन लेअर का 18.75 से 35 रुपए में बिकता था। खुदरा में डबल लेयर का 40 से 55 रुपए और तीन लेअर का 90 से 120 रुपए तक में बिकता था। अभी सिंगल लेयर मास्क की ही कीमत 90 से 110 रुपए है। डबल लेयर 150 से 225 रुपए और तीन लेयर मास्क 350 रुपए तक मिल रहा है।
दाम में इतनी आई उछाल
सामग्री पहले अब
सर्जिकल ग्लब्स 8 120
मास्क 15 90 से 220 रुपए
मास्क स्टैंडर्ड 55 250 से 550 रुपए
सेनेटाइजर 325 550 से 990 रुपए
(नोट : मूल्य रुपए प्रति इकाई में)
केंद्रीय मंत्री चौबे बोले-आमलोगों को मास्क लगाने की जरूरत नहीं
पटना | केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा कि कोरोना से घबराने की जरूरत नहीं है। प्रधानमंत्री खुद इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। केंद्रीय कैबिनेट सेक्रेटरी लगातार राज्य के मुख्य सचिव के संपर्क में हैं। नेपाल से सटे बिहार, यूपी, उत्तराखंड, सिक्किम और प. बंगाल के लिए त्वरित कार्य बल का गठन किया गया है। मंत्री ने कहा कि आम लोगों को मास्क लगाने की जरूरत नहीं है। अस्पताल में काम करने वाले डाॅक्टर, नर्स और दूसरे स्टाफ के साथ जो किडनी और एलर्जी के पेशेंट हैं,उनको ही इसकी जरूरत है। गलतफहमी मेंे लोग मास्क खरीद रहे हैं। केंद्र ने तीन लाख से अधिक एन-95 मास्क का आयात कर लिया है और तीन से अधिक की खरीद की जा रही है। केंद्रीय मंत्री रविवार को राजकीय अतिथिशाला में पत्रकारों से मुखातिब थे।
एक संदिग्ध भर्ती, बेगूसराय के मरीज की जांच रिपोर्ट निगेटिव
पटना/पटना सिटी | अगमकुआं स्थित संक्रामक रोग अस्पताल में बने आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कोरोना वायरस के बेगूसराय के एक संदिग्ध मरीज की जांच रिपोर्ट निगेटिव रही। एनएमसीएच के प्राचार्य डाॅ. विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि एक संदिग्ध मरीज को भी रविवार को भर्ती कराया गया है। यह युवती पटना की रहने वाली है अाैर दिल्ली में रहकर पढ़ती है। उसका सैंपल भी जांच के लिए आरएमआरअाई भेजा गया है। इधर रविवार को पटना एयरपोर्ट पर विदेश से आए सात यात्रियों की स्क्रीनिंग हुई। उन्हें घर जाने दिया गया। लेकिन 14 दिन सर्विलांस पर रखा जाएगा। इनमें से पटना के चार लाेगाें में एक इंग्लैंड, दो अास्ट्रेलिया और एक घाना से अाए हैं। राज्य में 15 जनवरी से अबतक कोरोना वायरस ग्रसित देशों से लौटे 128 यात्रियों को सर्विलांस पर रखा गया है। इस बीच, अगमकुआं स्थित संक्रामक रोग अस्पताल में कोरोना के संदिग्ध मरीज के भर्ती होते ही पहले से भर्ती टेटनस के छह मरीज डर से चले गए।
काेई दुकानदार अधिक पैसे ले रहा है, तो इसकी शिकायत पुलिस के साथ ही थोक मार्केट में स्थित एसोसिएशन के पदाधिकारियों से करें।
परसन कुमार सिंह, अध्यक्ष, बिहार केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन