- Hindi News
- Local
- Bihar
- Patna
- Patna News Demonstration Arson To Protest Student Leader39s Murder Jamming At Boring Road Intersection
छात्र नेता की हत्या के विरोध में प्रदर्शन-आगजनी, बोरिंग रोड चौराहा पर जाम
जदयू छात्र नेता कन्हैया कौशिक की हत्या के विरोध में छात्र संगठनों ने गुरुवार को एएन कॉलेज के मुख्यद्वार पर उग्र प्रदर्शन किया। पटना विवि छात्र संघ मनीष यादव के नेतृत्व में छात्रों ने एक घंटे तक बोरिंग रोड चौराहा से पानी टंकी की ओर जाने वाली सड़क अवरुद्ध कर दी। सड़क पर आगजनी और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इससे बोरिंग रोड पर जाम लग गया। इस दौरान छात्र फरार हत्यारे कुश को गिरफ्तार करने, पीड़ित परिवार को 20 लाख मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग कर रहे थे। इस दौरान कन्हैया को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। एसके पुरी के थानेदार नीरज कुमार सिंह ने छात्रों को समझाया। मनीष ने कहा, हत्या के 36 घंटे बाद भी मुख्य आरोपी को पकड़ा नहीं जा सका है। छात्र राजद के रंजन यादव, जन अधिकार छात्र परिषद के आलोक सिन्हा, गोविंद कुमार, आदित्य मिश्र, दीपांकर राज, आशीष राज, ईशु यादव, आशीष यादव, मोनू कुमार आदि मौजूद रहे।
मुख्य आरोपी कुश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस पटना, बिहटा, बाढ़, आरा सहित कई इलाकों में छापेमारी कर रही है। कुश के संपर्क में रहने वाले तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। कुश के पिता रामाकांत सिंह रिटायर्ड एएसआई हैं। पुलिस उनसे भी पूछताछ कर रही है। कुश पिता की पुलिस लिखी कार से ही घटनास्थल पर पहुंचा था और गोली मारने के बाद भाग निकला। डीएसपी सचिवालय राजेश सिंह प्रभाकर ने कहा, उसका कुर्की वारंट भी लेंगे।
फरार आरोपी कुश का पुलिस जल्द लेगी कुर्की वारंट, पिता की पुलिस लिखी कार से ही पहुंचा था घटनास्थल पर
कन्हैया के बढ़ते कद से परेशान थे कई लोग
कन्हैया छात्र जदयू का एएन कॉलेज का उपाध्यक्ष और छात्र जदयू का प्रदेश प्रवक्ता था। उसके बढ़ते कद से कई लोग परेशान थे। एएन कॉलेज में वह कम समय में ही लोकप्रिय हो गया था। पटेल नगर के जिस पांच नंबर रोड में कन्हैया रह रहा था, वहां पहले कुश रह चुका था। अब भी उसका वहां आना-जाना होता था। कन्हैया की लोकप्रियता पटेल नगर में भी थी। कुश को वह नहीं सुहाता था। होली की शुभकामना का बैनर कन्हैया ने पटेल नगर के इलाके में लगवाया तो उसमें अपना फोटो नहीं देखकर कुश आग बबूला हो गया।
कन्हैया कौशिक की याद में होगा क्रिकेट टूर्नामेंट
पटना | छात्र जदयू ने दिवंगत प्रदेश प्रवक्ता कन्हैया कौशिक की याद में शोकसभा आयोजित की। उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। इस मौके पर छात्र जदयू के प्रभारी डॉ. रणबीर नंदन ने कहा कि उनके निधन से छात्र जदयू को जो क्षति हुई है उसकी भरपाई मुश्किल है। कन्हैया के हत्यारे को कानून के साथ-साथ प्रकृति भी सजा देगी। उनकी याद में छात्र जदयू अंतर महाविद्यालय क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्णा पटेल को संयोजक बनाया गया है। छात्र जदयू के अध्यक्ष श्याम पटेल ने कहा कि कन्हैया की कमी छात्र जदयू को खलेगी।
एएन कॉलेज में शोकसभा आयोजित, दो मिनट का मौन रखकर कन्हैया कौशिक को दी श्रद्धांजलि
पटना | एएन कॉलेज के पुस्तकालय सभागार में छात्रसंघ के उपाध्यक्ष कन्हैया कुमार कौशिक की स्मृति में शोकसभा हुई। शिक्षकों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। प्रधानाचार्य प्रो. एसपी शाही ने शोक संतप्त परिवार के प्रति सहानुभूति जाहिर की। शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रो. कलानाथ मिश्र ने कहा कि पूरे महाविद्यालय परिसर में दुःख का वातावरण है। इस अवसर पर दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। उधर, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की गर्दनीबाग इकाई ने कन्हैया कौशिक की हत्या को छात्र राजनीति का काला दिन बताया है। आशीष कर्ण, नगर मंत्री प्रशांत राज, रणविजय एवं नगर सहप्रमुख रवि ने कहा कि हत्यारों पर स्पीडी ट्रायल कड़ी सजा दी जाए।
नौकरी दिलाने के नाम पर ठगे थे 15 लाख
कन्हैया कौशिक की हत्या के विरोध में छात्रों ने सड़क पर आगजनी की।
चंदन बालू गिट्टी का कारोबार करता है। वह कन्हैया का मित्र है। धर्मेंद्र और आशुतोष कुश के मित्र हैं। कुश अक्सर धर्मेंद्र के कमरे पर ही ठहरता था। बताया गया, कुछ साल पहले बैंक में नौकरी लगाने के नाम पर चंदन ने कुश को 15 लाख रुपए दिए थे। नौकरी नहीं लगी, तब वह पैसे देने का दबाव कुश पर बना रहा था। कन्हैया के बीच में आने के बाद कुछ रुपए कुश ने चंदन को लौटाए, लेकिन बाकी रुपए को लेकर विवाद चल ही रहा था।