- Hindi News
- Local
- Bihar
- Patna
- Vikram News Despite The Release Of Corona Virus Alert And Advisory Foreign Tourists Traveling Without Wearing Masks There Was No Interruption
कोरोना वायरस का अलर्ट व एडवाइजरी जारी होने के बावजूद बिना मास्क लगाए भ्रमण कर रहे विदेशी सैलानी, कोई टोक भी नहीं रहा
विश्वव्यापी महामारी का रूप ले रहे कोरोना वायरस से बचाव को लेकर अलर्ट जारी होने के बावजूद पर्यटन स्थलों पर गंभीरता नहीं बरती जा रही है। इसको लेकर न तो सरकार के स्तर से निगरानी रखी जा रही है और न ही विदेश से आने वाले पर्यटक सचेत हैं। जबकि, कोरोना के संदिग्ध लक्षण मिलने वाले अधिकतर लोग हाल में ही विदेश से लौटे हैं।
सरैया के कोल्हुआ स्थित अशोक स्तंभ परिसर के भ्रमण पर आने वाले विदेशी सैलानी बिना मास्क लगाए ही बेरोकटोक पहुंच रहे हैं। जबकि, सरकार एडवाइजरी जारी कर चुकी है कि सार्वजनिक स्थानों पर जाने से पहले विदेशी पर्यटकों के लिए कोरोना से बचाव को लेकर जरूरी एहतियात बरती जाए। अॉब्जर्वेशन पर रखने के बाद उन्हें मास्क लगा कर ही पर्यटन स्थलों पर घूमने दिया जाए। हर रोज की तरह शनिवार को भी सैकड़ों बौद्ध पर्यटक अशोक स्तंभ परिसर पहुंचे। इनमें से अधिक संख्या श्रीलंका, म्यांमार, कम्बोडिया के नागरिकों की थी। परिसर के भीतर बने पार्क में म्यांमार, श्रीलंका के अलावा महाराष्ट्र से पहुंचे बौद्ध धर्मावलंबियों ने सामूहिक रूप से प्रार्थना भी की। म्यांमार के पर्यटकों के साथ पहुंचे गाइड नर्मदेश्वर ने बताया कि हम लोग बोधगया से वैशाली पहुंचे हैं। यहां से नेपाल जाना था लेकिन रोक लग जाने के कारण लखनऊ जाकर वहां से सभी पर्यटक अपने देश लौट जाएंगे।
संक्रमण के डर से लोकल का आना भी कम, दुकानदार भी बना रहे दूरी
कोरोना संक्रमण के डर से स्थानीय लोग बहुत कम संख्या अशोक स्तंभ परिसर आ रहे हैं। वहीं, दुकानदार विदेशी पर्यटकों से दूरी बना कर रख रहे हैं। मास्क लगाकर ही पर्यटकों से बात करते हैं। परिसर के आसपास कई बौद्ध टेंपल एवं बौद्ध विहार स्थापित हैं जिसमें वत्रा थाई भीखूनि विहार, म्यामांर टेंपल प्रमुख हैं, जहां विदेशी पर्यटक रुकते हैं। वहां भी घोर लापरवाही बरती जा रही है। किसी भी प्रकार की जांच एवं जागरूकता का अभाव दिख रहा है। सरकार द्वारा म्यूजियम एवं पार्क को बंद करने के आदेश के बावजूद विदेशी पर्यटक व बौद्ध भिक्षु पहुंच रहे हैं।
सैलानियों की संख्या घटी, तीन हजार की जगह 1000 पहुंची
कोरोना के डर से सैलानी यात्रा भी कम कर रहे हैं। जापान, थाईलैंड आदि देशों के पर्यटकों का अशोक स्तंभ परिसर पहुंचना बहुत कम हो गया है। भारत में कोरोना का मामला सामने आने के बाद से चाइनीज पर्यटकों को लेकर इक्का-दुक्का ही वाहन ही कोल्हुआ पहुंचा है। सर्दी के सीजन में अशोक स्तंभ पहुंचने वाले विदेशी सैलानियों की संख्या रोज 3 से 6 हजार तक होती है जबकि आम दिनों में इनकी संख्या 1500 से 3 हजार रोजाना होती है। शनिवार की सुबह 4 बजे से दोपहर 1 बजे तक बौद्ध धर्मावलंबियों के 22 वाहन अशोक स्तंभ परिसर पहुंचे। जिनमें से करीब 1100 विदेशी थे। इनमें से महज 10% ही मास्क लगाए थे।
अब तक विभाग अथवा राज्य सरकार से किसी प्रकार का आदेश नहीं मिला है। हालांकि, अशोक स्तंभ परिसर में तैनात कर्मचारी एवं सुरक्षा गार्ड एहतियात के रूप में बचाव के लिए मास्क पहन रहे हैं एवं विदेशी पर्यटकों से दूरी बना कर ड्यूटी कर रहे हैं।
-विक्रम कुमार झा, सीए, अशोक स्तम्भ