मसौढ़ी और बाढ़ में ट्रेन से कट कर दो की गई जान
पटना-गया रेलखंड के पोठही व नदवां स्टेशनों के बीच पोठही स्टेशन से दक्षिण अवैध समपार फाटक के पास मंगलवार की सुबह 63241 अप सवारी गाड़ी से गिरकर व कटकर 24 वर्षीय एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई। बाद में उसकी पहचान पुनपुन थाना के पोठही निवासी धर्मेंद्र कुमार के पुत्र अमित कुमार के रूप में हुई।
अमित कुमार मंगलवार की सुबह 63241 अप सवारी गाड़ी से पुनपुन से पोठही आ रहा था। ट्रेन में काफी भीड़ होने के कारण वह पोठही स्टेशन पर नहीं उतर सका। इसी बीच ट्रेन खुल गई और चलती ट्रेन से उतरने के दौरान वह गिर पड़ा व ट्रेन से कटकर क्षत-विक्षत हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची जीआरपी ने शव बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेज दिया। वहीं मोकामा-पटना रेल खंड के बाढ़ कोर्ट हाल्ट के समीप बुधवार को ट्रेन से गिरकर एक दवा दुकानदार की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान बाढ़ थाना क्षेत्र के पूर्वी मला ही निवासी राम भुवन के रूप में की गई। पुलिस ने शव को जब्त कर अनुमंडल अस्पताल में पोस्टमार्टम करा परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। इधर, घटना के बाद परिजनों और गांव में कोहराम मच गया। दूसरी तरफ घटना के बाद व्यवसायी संघ के आह्वान पर दवा दुकानदारों ने घटना की सूचना मिलने के बाद अपनी अपनी दुकान बंद रखकर दुख प्रकट किया।