गुठनी पीएचसी से नवजात के शव को बाहर ले गए कुत्ते, लोगों में आक्रोश
गुठनी पीएचसी में बुधवार की रात प्रसव कक्ष से नवजात के शव को कुत्ते उठा ले गए। इससे परिजनों अाैर ग्रामीणाें में गुस्सा है। प्रसव कक्ष से नवजात के शव को कुत्ता द्वारा उठा ले जाना स्वास्थकर्मियों की लापरवाही मानी जा रही है। जानकारी के मुताबिक गुठनी के खपवा गांव निवासी परमात्मा यादव की प|ी पुष्पा देवी को बुधवार को गुठनी पीएचसी में भर्ती कराया गया था। बुधवार रात करीब 1 बजे पुष्पा देवी ने पुत्र को जन्म दिया, लेकिन कुछ पल बाद ही नवजात की मौत हो गई। इसके बाद प्रसव कक्ष में नवजात को छोड़ पीड़िता को वार्ड में शिफ्ट करा दिया गया। कुछ देर बाद जब परिजन नवजात के शव को देखने प्रसव कक्ष में गये तो वहां शव नहीं था। प्रसव कक्ष में शव को नही देख परिजनों को शंका हुई तो शोर मचाते हुए स्वास्थ्यकर्मियों से शव मांगने लगे। हंगामे के बाद स्वास्थ्यकर्मी और परिजन शव को ढूंढने लगे तो अस्पताल परिसर स्थित चिकित्सक आवास के पीछे एक कुत्ते द्वारा नवजात के शव को नोचता देखा गया। शव की ऐसी स्थिति देख परिजन नाराज हो गए और उपस्थित चिकित्सक से इसकी शिकायत की। स्वास्थ्य प्रबंधक जितेंद्र कुमार ने बताया कि ऐसी घटना की जानकारी नहीं है। जांच की जाएगी। लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
अस्पताल परिसर में रोते-बिलखते परिजन।