बीएड कॉलेजों में नामांकन के लिए परीक्षा 29 को
पटना | राज्यभर के सभी मान्य बीएड कॉलेजों में नामांकन के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा 29 मार्च को निर्धारित है। इसके लिए आवेदन की प्रक्रिया समाप्त हो गई है। आवेदन के साथ फीस पेमेंट की प्रक्रिया भी समाप्त हो चुकी है। अब सही भरे गए आवेदन पत्रों के आधार पर एडमिट कार्ड जारी होगा। संभावना है कि इस बार नामांकन के लिए लगभग सवा लाख आवेदकों ने आवेदन दिया है। प्रवेश परीक्षा से पहले 23 मार्च से अभ्यर्थी अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। एडमिट कार्ड संयुक्त प्रवेश परीक्षा के लिए ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा संचालित वेबसाइट https://bihar-cetbed-lnmu.in/ से डाउनलोड होगा। बीएड सीईटी के लिए जारी शेड्यूल के मुताबिक एक जुलाई 2020 से एक साथ सभी बीएड कॉलेजों में नामांकन प्रक्रिया पूरी कर कक्षाओं का संचालन शुरू कर देना है। बीएड में नामांकन के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा के बाद उसका रिजल्ट 15 अप्रैल को प्रकाशित कर दिया जाएगा। उसके बाद 20 अप्रैल से पहले राउंड की काउंसिलिंग प्रक्रिया शुरू होगी। जबकि फर्स्ट राउंड की बची सीटों के आधार पर 12 मई से दूसरे राउंड की काउंसिलिंग प्रक्रिया शुरू होगी और इस राउंड के बाद बची सीटों के आधार पर एक जून से तीसरे राउंड की काउंसिलिंग प्रक्रिया शुरू होगी। अगर तीनों राउंड में सीटें नहीं भरी तो एक स्पॉट राउंड होगा, जिसकी प्रक्रिया 15 जून से शुरू होगी। बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा कुल 10 शहरों में होगी।