पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
पटना. राज्यसभा चुनाव के लिए एनडीए के तीनों उम्मीदवारों जदयू से राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश और रामनाथ ठाकुर जबकि भाजपा से वर्तमान सांसद डॉ. सीपी ठाकुर के पुत्र पूर्व विधान पार्षद विवेक ठाकुर ने शुक्रवार को अपना नामांकन दाखिल किया। गुरुवार को राजद से प्रेमचंद्र गुप्ता और अमरेन्द्र धारी सिंह ने नामांकन किया था। नामांकन के आखिरी दिन अन्य किसी उम्मीदवार के पर्चा नहीं भरे जाने से पांचों उम्मीदवाराें की निर्विरोध जीत तय हो गई। 18 मार्च को नाम वापसी की अवधि खत्म होते ही पांचों की जीत की घोषणा हो जाएगी। विधानसभा में मौजूदा सदस्य संख्या के आधार पर पांचों उम्मीदवारों की जीत पक्की है।
शुक्रवार सुबह पहले जदयू के उम्मीदवार 11 बजे विधानसभा पहुंचे। 20 मिनट बाद भाजपा उम्मीदवार पहुंचे। विधानसभा सचिव के समक्ष नामांकन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, ऊर्जा मंत्री विजेंद्र यादव, पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल आदि मौजूद थे।
चारों उम्मीदवारों की कुल संपत्ति 146 करोड़ रुपए
बिहार से राज्यसभा के चारों उम्मीदवारों (हरिवंश नारायण सिंह, प्रेमचंद गुप्ता, विवेक ठाकुर, रामनाथ ठाकुर) की कुल संपत्ति से साढ़े चार गुना अधिक है अकेले पांचवें उम्मीदवार अमरेंद्रधारी सिंह (एडी सिंह) की संपत्ति। चारों उम्मीदवारों की कुल संपत्ति (पत्नी, बच्चाें समेत) करीब 146 करोड़ रुपए है। अकेले अमरेंद्रधारी सिंह की कुल संपत्ति 685 करोड़ रुपए है।
पांच सीटें हो रही हैं खाली
बिहार से राज्यसभा की पांच सीटें खाली हो रही हैं। जदयू के 3 और भाजपा के दो सदस्य 9 अप्रैल को रिटायर होंगे। राज्यसभा के उपसभापति व जदयू के हरिवंश नारायण सिंह, रामनाथ ठाकुर, कहकशां परवीन जबकि भाजपा के आरके सिन्हा और डॉ. सीपी ठाकुर का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। ये पांचों एनडीए के हैं। हालांकि इनमें एनडीए को तीन सीटें ही वापस मिलेंगी। 2 सीट जदयू को और एक भाजपा को मिलेगी। फायदा राजद को होगा। उसे 2 अतिरिक्त सीटें मिलने जा रही हैं।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.