पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
जमुई/ चकाई. शुक्रवार की सुबह नीम के पेड़ में दुपट्टे से लटकी एक युवती की लाश मिली। घटना चकाई थानाक्षेत्र के कोठियां गांव के टोला बथनाकोला की है। पेड़ की डाली से झूलती लड़की के शव को पुलिस ने मौके पर पहुंच जब्त कर लिया और मामले की छानबीन शुरू कर दी।
बरामद शव की पहचान चकाई थाना क्षेत्र के बरमोरिया पंचायत अंतर्गत तेलंगा गांव निवासी सिमोन मुर्मू की बेटी मरियम मुर्मू (18वर्ष) के रूप में की गई। घटनास्थल पर मृतका के पैर में चप्पल और कमर में मोबाइल भी था। मोबाइल लगातार रिंग कर रहा था। पुलिस द्वारा कॉल रिसीव करने पर फोन करने वाला मृतका का भाई क्लिन मुर्मू था जो दुमका से लगातार अपनी बहन को कॉल कर रहा था। भाई के द्वारा ही मृतका की पहचान भी की गई। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि लड़की के शव को गुरुवार की देर शाम को ही पेड़ से लटकता देखा गया था।
पीड़ित का पूरा परिवार झारखंड के जामताड़ा में रहता था। युवती घर पर रहती थी। इसी वर्ष उसने मैट्रिक की परीक्षा दी थी। स्थानीय सूत्रों के द्वारा बताया गया कि युवती का बरमोरिया पंचायत के ही बाराकोला गांव के एक युवक के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था।
पुलिस आत्महत्या मान रही, पर कई सवाल
पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या मान रही है। लेकिन घटना से जुड़े कई सवाल अब भी अनसुलझे हैं जो इसे हत्या की ओर ले जा रहे हैं। सवाल उठता है कि युवती को अगर आत्महत्या करनी थी तो फिर वह घर के आस-पास भी कर सकती थी। घर से 12 किलोमीटर दूर आकर क्यों करेगी? ग्रामीणों का कहना है कि गुरुवार को युवती को फोन आया था। उसके बाद सुबह के करीब 10 बजे वह गांव से बाहर निकल गई। फोन किसका था यह कॉल डिटेल निकालने के बाद ही पता चल सकेगा। इधर, परिजनों के द्वारा थाने में प्रेम-प्रसंग में हत्या की आशंका जताते हुए प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.