जीएम ने स्टेशनों पर हो रहे बचाव कार्यों का लिया जायजा
पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक ललित चंद्र त्रिवेदी ने शुक्रवार को ट्रेनों व स्टेशन परिसर में कोरोना वायरस के प्रसार एवं रोकथाम को लेकर किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया।
जीएम ने सभी मंडलों को निर्देश जारी करते हुए इसे तत्काल प्रभाव से कदम उठाने को कहा। इसके तहत ट्रेनों के प्रत्येक प्राथमिक रखरखाव के दौरान कोचों के अंदर की सफाई में लाइजोल जैसे कीटाणुनाशकों का प्रयोग करना है। रात के रखरखाव के दौरान ईएमयू और डेमू कोचों का कीटाणु शोधन करने का निर्देश दिया गया है। प्रमुख स्टेशनों के सफाई कर्मचारियों को यात्रियों द्वारा प्रयोग में लाए जाने वाले बेंच, कुर्सी, वाशबेसिन, बाथरूम, डोर नाॅब्स आदि को निरंतर कीटाणु रहित करने निर्देश दिया गया है। ट्रेनों के हैंड रेल, दरवाजे, खिड़कियां, चेन, स्नैक टेबल, और कोच की ऐसी सभी वस्तुओं को नियमित रूप से साफ करने का निर्देश दिया गया है। ट्रेनों में लगातार फॉगिंग करने को भी कहा गया है। सभी एसी कोचों में लगे पर्दों को हटाया जा रहा है। सभी रेल मंडलों में जीएम के निर्देशानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इससे पहले गुरुवार को करबिगहिया स्थित रेलवे के सेंट्रल सुपर स्पेशियलिटी हाॅस्पिटल में भी काेराेना वायरस के मद्देनजर अाइसाेलेशन वार्ड खाेला गया है। इसमें सभी आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गई हैं। त्वरित एवं बेहतर चिकित्सा के लिए रेलवे ने जोनल कंट्रोल सेंटर बनाया है। साथ ही हेल्पलाइन नंबर 9264190352 भी जारी किया है। यह 24 घंटे कार्यरत है।