लोगों को सही जानकारी देने के लिए सरकार चलाए अभियान
मसौढ़ी | राष्ट्रीय पोषण पखवाड़ा पर शुक्रवार को सेंटर फॉर कैटेलाइजिंग चेंज, नई दिल्ली के आर्थिक एवं तकनीकी सहयोग से लोक माध्यम, पटना के तत्वावधान में चैंपियन परियोजना के अंतर्गत जिले के मसौढ़ी एवं पालीगंज प्रखंडों की महिला वार्ड सदस्यों द्वारा अपने - अपने वार्डों में विशेष वार्ड सभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर कोरोना वायरस और इससे बचाव व रोकथाम के उपायों से संबंधित जानकारी ग्रामीणों को दी गई। मौके पर प्रखंड की भैंसवां पंचायत के वार्ड-5 की वार्ड सदस्य शैल देवी एवं नदौल के वार्ड संख्या- 1 की शकुंतला देवी ने कोरोना वायरस को लेकर सूबे की सरकार के प्रयास की सराहना की। कहा कि आंगनबाड़ी केंदों के संचालन पर रोक लगा भर देने से इस पर काबू नहीं पाया जा सकता है। सरकार एवं हम सब की जिम्मेदारी है कि समुदाय को कोरोना के बारे में सही जानकारी दी जाए। लोगों को चिंता या घबराहट में डालकर स्थिति से मुकाबला नहीं किया जा सकता है। सरकार को जागरुकता अभियान चलाना चाहिए।