पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
पटना. जमीन विवाद के चलते होटल कारोबारी के पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना पटना के एसके पुरी थाना क्षेत्र के विवेकानंद मार्ग की है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आशंका है कि शार्प शूटरों से हत्या कराई गई है। मृतक का नाम सकल देव सिंह (70) है और वे मूल रूप से दानापुर के रहने वाले थे।
सकल देव सिंह रविवार को सब्जी लाने बाजार गए थे। दोपहर करीब बारह बजे घर लौटने के दौरान बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। सकल देव के सीने में तीन गोली लगी। स्थानीय लोग उन्हें निजी अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सकल देव का एक बेटा सॉफ्टवेयर इंजीनियर है जो अमेरिका में रहता है और दूसरा बेटा पटना में होटल कारोबारी है। सकल देव रिटायर्ड पोस्टल कर्मी थे और विवेकानंद मार्ग में अपने छोटे बेटे और बहू के साथ रहते थे।
सिटी एसपी अमरकेश डी का कहना है कि दानापुर के चांदमारी में जमीन को लेकर सकल देव का कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। इसी के चलते अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया है। घटनास्थल से दो खोखा बरामद किया गया है। परिजनों के बयान पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और अपराधियों की तलाश के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक दो अपराधी डिस्कवर बाइक से आए थे। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल में जुटी है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.