दहेज में ढाई लाख के लिए पति और ससुराल वालों ने महिला काे मार डाला
पालीगंज के खिरीमोड़ के रघुनाथपुर में दहेजलोभियों ने ढाई लाख के लिए प्रीति कुमारी की हत्या कर दी। रविवार को हत्या करने के बाद केराेसिन छिड़कने के बाद जलाकर इसे सुसाइड की शक्ल देने की कोशिश की। ससुराल वाले पुलिस को सूचना दिए बिना लाश को ठिकाना लगाने जा रहे थे। इसी बीच प्रीति के पिता दुल्हिनबाजार के बेलउरी गांव निवासी रामप्रवेश यादव को उसकी ससुराल के बगल से ही किसी ने फोन किया कि उसकी हत्या कर दी गई है।
रामप्रवेश अाैर उनके परिजन रघुनाथपुर पहुंचे तो देखा कि घर बंद है। ग्रामीणों ने बताया कि शव को लेकर चले गए हैं। रामप्रवेश व अन्य काे पीछा करते देख ससुराल वाले नीरखपुर व खपुरा गांव के बीच मसूर के खेत में शव को छोड़कर भागने लगे। इसी दौरान मायके वालों ने प्रीति के देवर सुभाष अाैर उसके गोतिया कृष्णा व सुनील को पकड़ लिया। फिर पुलिस के हवाले कर दिया। रामप्रवेश की इकलौती बेटी प्रीति की शादी 9 साल पहले रघुनाथपुर के योगेंद्र यादव के पुत्र मणिलाल यादव से हुई थी। दंपती को औलाद नहीं है। मणिलाल पालीगंज स्थित एक डॉक्टर के यहां कंपाउंडर है। रामप्रवेश ने इस मामले में खिरीमोड़ थाने में प्रीति के पति मणिलाल, उसकी दो शादीशुदा ननद खुशबू व रेणु, सास राधिका देवी, ससुर योगेंद्र यादव व अन्य ससुराल वालों को नामजद किया है। थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।
हत्या की आशंका को लेकर महिला के परिजनों ने दर्ज कराया था सनहा
रामप्रवेश ने बताया कि अपनी औकात के मुताबिक प्रीति की शादी की। शादी के बाद से ही पति, ननद व ससुराल वाले उसे कभी बाइक तो कभी नकद को लेकर प्रताड़ित और मारपीट किया करते थे। हाल ही में बाइक दी थी ताकि वह खुश रहे लेकिन ससुराल वाले एक जमीन की रजिस्ट्री के लिए प्रीति पर ढाई लाख रकम मायके से मांगकर देने का दबाव बनाने लगे। उनकी हरकतों को देखकर इसी साल पहली जनवरी को प्रीति की हत्या की आशंका जताते हुए थाने में सनहा दर्ज कराया था। केस इसलिए नहीं किया कि बेटी को वहां बसना था। दो दिन पहले उसकी तबीयत ठीक नहीं थी लेकिन उसे खाना बनाने को मजबूर किया गया। वह खाना बना रही थी, इसी बीच उसकी ननदों ने गर्म कड़ाही उलट दी, लेकिन वह बच गई। सुबह में प्रीति ने मां से बातचीत की। वह ठीक थी। 9 बजे फोन आया कि उसे जलाकर मार दिया गया है।