वेतन संशोधन को लेकर आईबीए और यूएफबीयू की बैठक 16 को
पटना | वेतन संशोधन को लेकर भारतीय बैंक संघ (आईबीए) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन (यूएफबीयू) के बीच 16 मार्च को पुनः वार्ता आयोजित की गई है। इसको लेकर आईबीए द्वारा पत्र जारी कर यूएफबीयू को आमंत्रित किया गया है। इस द्विपक्षीय वेतन समझौता वार्ता के दौरान 15 प्रतिशत की वेतन वृद्धि के ऑफर के साथ ही विशेष भत्ते का मूल वेतन में समायोजन, फैमिली पेंशन में बढ़ाेतरी, पेंशन अपडेशन तथा पांच दिवसीय बैंक सप्ताह आदि मुद्दों पर चर्चा होगी। इससे पूर्व आईबीए और यूएफबीयू की 29 फरवरी को हुई वार्ता के बाद विभिन्न मुद्दों के समाधान को लेकर एक कमिटी गठित कर आगे की वार्ता का निर्णय लिया गया था। 29 फरवरी काे 15 प्रतिशत वेतन बढ़ोतरी पर सहमति बनी थी। अन्य मांगों पर भी सकारात्मक कदम उठाने का आईबीए ने आश्वासन दिया था। इसके बाद यूएफबीयू ने पूर्व से घोषित 11 से 13 मार्च तक की राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल को स्थगित कर दिया था। ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर एसोसिएशन के संयुक्त सचिव डीएन त्रिवेदी ने बताया कि आईबीए के सकारात्मक रुख को देखते हुए मार्च में वेतन पुनरीक्षण वार्ता के सफलतापूर्वक संपन्न होने के आसार हैं।